इंदौर

इंदौर में EV शो-रूम में लगी भीषण आग, डायल-112 के जवानों ने जान जोखिम में डालकर बचाईं कई जिंदगियां

बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला, फायर ब्रिगेड के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर टाला बड़ा हादसा

Share

 

इंदौर। स्कीम नंबर-136 स्थित एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) शो-रूम में लगी भीषण आग के बीच डायल-112 के जवानों ने अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और सेवा भावना का परिचय देते हुए कई लोगों की जान बचा ली।

आग लगने के बाद बिल्डिंग में लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी जनहानि टल गई और डायल-112 के जवान एक बार फिर आमजन के लिए ‘रियल हीरो’ साबित हुए।

Indore जिले के थाना लसूड़िया क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्परता, साहस एवं सूझबूझ से एक बड़े हादसे को टालते हुए इलेक्ट्रिक व्हीकल शो-रूम में लगी आग के दौरान बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

5 जून को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना लसूड़िया क्षेत्र अंतर्गत स्कीम नंबर-136 स्थित एक इलेक्ट्रिक व्हीकल शो-रूम में आग लग गई है तथा कुछ लोग बिल्डिंग के अंदर फंसे हुए हैं। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल थाना लसूड़िया क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक नरेंद्र मंडेलिया, आरक्षक राधेश्याम कुशवाहा, आरक्षक रितेश पाटीदार, पायलट राजेश यादव एवं पवन दांगी तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 जवानों ने बिना समय गंवाए त्वरित रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। जवानों ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड दल के साथ समन्वय स्थापित कर आग बुझाने की कार्यवाही कराई गई। संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक संभावित बड़ी जनहानि को टाल दिया गया।

डायल-112 हीरोज श्रृंखला की यह कार्यवाही दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आगजनी, दुर्घटना एवं अन्य संकटपूर्ण परिस्थितियों में भी त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए आमजन की सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। संकट की हर घड़ी में डायल-112 जवान साहस, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ लोगों की सहायता कर रहे हैं।

Back to top button