अंतर्राष्ट्रीय तम्बाकू निषेध दिवस पर गायत्री परिवार की नशाबंदी हुंकार
गायत्री परिवार शाखा देवास का 201वां नशा बंदी आयोजन

देवास। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में देशभर में गायत्री परिवार की शाखाओं द्वारा अंतर्राष्ट्रीय तम्बाकू निषेध दिवस पर जोश और उमंग के साथ नशाबंदी के विविध कार्यक्रम संपन्न किए गए।
गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गायत्री शक्तिपीठ साकेत नगर देवास के मार्गदर्शन एवं सामाजिक न्याय विभाग की उप संचालक संगीता राठौर व नशा मुक्ति आंदोलन प्रभारी डॉ. रूपसिंह नागर के नेतृत्व में बाल संस्कार शाला के बच्चों एवं गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा गायत्री शक्तिपीठ के आसपास की कॉलोनी में जोरदार नारों के साथ रैली संपन्न हुई।

नशा मुक्ति रैली में बच्चों के हाथ में नशा बंदी तख्तियां और जुबान पर नशा मुक्ति नारे गूंज रहे थे। रैली गायत्री शक्तिपीठ से शुरू होती हुई गजरा गियर्स चौराहा, नूतन नगर, चामुंडा नगर, आदर्श नगर एवं साकेत नगर होती हुई पुनः गायत्री शक्तिपीठ पर सम्पन्न हुई।
रैली में गायत्री शक्तिपीठ की देवकन्याएं और युग गायक डॉ. रूपसिंह नागर व दिनेश चौधरी द्वारा लगातार नशा बंदी गीतों ओर नारों की हुंकार भरी गई..। नशा न करना मन को कहना…..मेरे प्यारे भाई बहना होगी बड़ी खराबी। गजरा गियर्स चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर दिया नशा बंदी का संदेश दिया। दैनिक प्रभात फेरी में भी नारों के माध्यम से नशा मुक्ति का सन्देश देकर गीत और नारे के माध्यम से लोगों को जागृत करने का प्रयास किया गया।
गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक प्रमोद निहाले ने बताया कि युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार द्वारा विगत कई वर्षों से अनवरत रूप से इस अभियान पर कार्य कर रहा है, अभी तक लगभग 201 नशा मुक्ति आयोजन के माध्यम से लोगों को नशा बन्दी के संकल्प दिलाने में गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ सफल हुआ है।
प्रोजेक्टर फिल्म के माध्यम से स्कूल, कालेज एवं गांव गांव में लगातार नशा मुक्ति सेमिनार का आयोजन भी गायत्री परिवार देवास कर रहा है, जिसका बड़ा लाभ आमजन को प्राप्त हो रहा है। रैली के अन्त में उपस्थित आमजन को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई।
आयोजन को सफल बनाने में गायत्री परिवार के जिला समन्वयक बाबूलाल खंडेलवाल, देवास तहसील समन्वयक कांतिलाल पटेल, रमेशचन्द्र मोदी, सुभाष जैन, प्रदीप दुबे, विक्रमसिंह राजपूत, भरत चौधरी, राजेंद्र चौधरी, दिलीप सोलंकी, राधेश्याम चौधरी, श्रद्धा निहाले, मंजू पटेल, टीना सोलंकी, लक्ष्मण पटेल एवं महेंद्र राठौड़ सहित सैकड़ों परिजनों का सहयोग रहा।
गायत्री शक्तिपीठ के सहायक मुख्य प्रबंध ट्रस्टी कन्हैयालाल मोहरी एवं प्रज्ञापीठ विजय नगर के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी राजेंद्र पोरवाल ने आभार व्यक्त किया।





