भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए आगे आया स्कूल, 15 साल से मुफ्त बांट रहा सकोरे

– जीवों की प्यास बुझाने का अनोखा अभियान, नागरिकों से भी की सहयोग की अपील
देवास। भीषण गर्मी के बीच पक्षियों और अन्य मूक जीवों को राहत पहुंचाने के लिए शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कॉलोनी के आनंदम केंद्र द्वारा घर-घर जाकर सकोरे वितरित किए गए।
विद्यालय पिछले 15 वर्षों से पक्षियों, गिलहरी, बंदर और डॉग सहित विभिन्न जीवों के लिए सकोरे उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है।
गर्मी में जीवों के लिए सहारा बना सरकारी स्कूल
प्रधानाध्यापक एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर महेश सोनी ने बताया कि गर्मी के मौसम में जल की कमी के कारण हजारों पक्षियों और मूक जीवों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से विद्यालय द्वारा हर वर्ष निःशुल्क सकोरे वितरित किए जाते हैं, ताकि लोग अपने घरों और आसपास जल एवं अन्न की व्यवस्था कर सकें।

इस अवसर पर साईनाथ स्कूल के संचालक शकील कादरी को भी सकोरा भेंट किया गया। उन्होंने कहा कि जीव सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
विद्यालय परिसर में वर्षों से बंदर और विभिन्न प्रजातियों के पक्षी निवास कर रहे हैं। उनके लिए पूरे वर्ष अन्न और जल की व्यवस्था की जाती है। विद्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान अपने घरों, छतों और आंगनों में पक्षियों एवं अन्य मूक जीवों के लिए पानी और दाना अवश्य रखें। महेश सोनी ने बताया कि जिसे भी सकोरे की आवश्यकता हो, वह विद्यालय से निःशुल्क प्राप्त कर सकता है।




