ऑपरेशन त्रिनेत्रम का सटीक वार: 65 चोरियों का मास्टरमाइंड 7 दिन में गिरफ्तार, 3 राज्यों में फैला था नेटवर्क

देवास। पुलिस की पैनी नजर और हाईटेक जांच का एक शानदार उदाहरण सामने आया है, जहां “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत देवास पुलिस ने महज 7 दिनों में एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पिछले 18 वर्षों में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के 13 जिलों में 65 से ज्यादा चोरियों को अंजाम दिया था।
आरोपी 22 मामलों में फरार चल रहा था और हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल हो जाता था, लेकिन इस बार उसकी चालाकी देवास पुलिस के आगे नहीं टिक पाई। प्रेसवार्ता में एसपी पुनीत गेहलोत ने पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी।
देवास पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में डीजल चोर गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ, जिसमें ऑपरेशन हवालात के तहत अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं (पूरी खबर पढ़ें)।
मामला 17 अप्रैल का है, जब सदगुरु मोटर्स (होंडा) शोरूम के संचालक राजेंद्र मोहरी ने थाना बीएनपी में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात बदमाश ने रात में शोरूम का ताला तोड़कर कैश काउंटर और तिजोरी से ₹47,892 नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बीएनपी निरीक्षक प्रीती कटारे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और डिजिटल सर्विलांस की मदद से करीब 400 CCTV कैमरों की जांच की और आरोपी की गतिविधियों को ट्रैक करते हुए 150 किलोमीटर तक पीछा किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने मक्सी रोड स्थित एक होम डेकोर शॉप में भी चोरी की वारदात की थी। लगातार 7 दिनों की मेहनत और बहु-राज्यीय स्तर पर खोजबीन के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपी सचिन गौहर (44 वर्ष) निवासी मुरार, ग्वालियर को भोपाल बायपास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला सचिन गौहर एक आदतन और अंतर्राज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में 65 से अधिक चोरी और संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज हैं।
बरामदगी भी पूरी- पुलिस ने आरोपी के पास से ₹58,150 नकद, घटना में प्रयुक्त R15 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹1.70 लाख) सहित कुल ₹2.28 लाख का मश्रुका जब्त किया। खास बात यह है कि यह बाइक हाल ही में ग्वालियर के एक शोरूम से चोरी की गई थी।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका- इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीती कटारे, सउनि कमलसिंह ठाकुर, प्रआर अभिषेक पाण्डेय, आर संदीप यादव, शंकर डोडियार, सिराज, उमेश, दीपेन्द्र शर्मा और साइबर सेल के प्रआर सचिन चौहान एवं शिव प्रताप सिंह सेंगर की सराहनीय भूमिका रही।




