देवास में युवक की गोली मारकर हत्या; 6 आरोपियों पर केस दर्ज

देवास। शहर के भवानी सागर इलाके में गुरुवार देर रात दो गुटों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बदमाशों ने फायरिंग कर एक युवक की हत्या कर दी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार भवानी सागर क्षेत्र में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान बदमाशों ने गोलियां चला दीं, जिसमें 19 वर्षीय शुभम उर्फ लड्डूनाथ योगी की मौत हो गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि लड्डूनाथ उस समय अपने घर पर था। तभी उसका साथी गौतम नाथ वहां पहुंचा और कुछ लोगों द्वारा विवाद किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद लड्डूनाथ समझाने के लिए मौके पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उस पर हमला कर फायरिंग कर दी। इस हमले में गौतम नाथ भी घायल हुआ है। उसके पैरों में दो गोलियां लगी हैं। उसे गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने इस मामले पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में 6 आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
https://newsoneclick.com/?p=44876 – 👈 ये भी पढ़े, ब्राउन शुगर के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार




