जिला परिवहन विभाग ने 22 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर एक लाख 12 हजार का जुर्माना किया वसूल

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग लगातार वाहनों की चेकिंग का अभियान चला रहा है। अभियान के तहत बसों एवं अन्य वाहनों में कमी या अनियितमताएं पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में 13 अप्रैल को अलसुबह जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान ने देवास के भोपाल रोड पर भौंरासा फाटा के नजदीक स्लीपर/डीलक्स यात्री बसों के विरूद्ध विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान में शासन के मापदण्डों के अनुरूप निर्माण के संबंध में जांच की गई। जिला परिवहन अधिकारी ने अग्निशमन यंत्र, वीएलटीडी को देखा। वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। 10 वाहनों के पास पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं होने पर 50 हजार की चालानी कार्रवाई की गई। इसी प्रकार परमिट शर्तों के उल्लंघन एवं अन्य अपराधों में चालानी कार्रवाई कर 62 हजार शमन शुल्क वसूल किया गया। जांच अभियान में 22 वाहनों पर चालानी कार्रवाई एक लाख 12 हजार का जुर्माना वसूल किया गया।
परिवहन अधिकारी ने सभी वाहन चालकों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी बसों का संचालन यातायात नियमों के अनुरूप ही करें, किसी भी दशा में ओव्हर लोडिंग एवं ओव्हर स्पीडिंग ना की जाएं। नियमों का पालन नहीं किए जाने पर वाहन एवं वाहन चालकों के विरूद्ध सख्ती से चालानी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि चैकिंग अभियान निरन्तर जारी रहेगा।



