देवास में 14 साल बाद भी घर तक अधूरी गैस सेवा, कांग्रेस की मांग तेज

देवास। शहर में घर-घर पाइपलाइन गैस (PNG) नहीं पहुंचने का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने इस मामले में कंपनी से तेज गति से काम करने और तुरंत गैस सप्लाई शुरू करने की मांग की है।
सुधीर शर्मा ने बताया कि वर्ष 2012 में तत्कालीन सांसद सज्जन सिंह वर्मा के कार्यकाल में देवास में घर-घर गैस सेवा के लिए मंजूरी दी गई थी और इसका जिम्मा GAIL Gas Limited को सौंपा गया था, लेकिन 14 साल बाद भी शहर के कई वार्ड इस सुविधा से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि विक्रम मार्ग, भवानी सागर और कुम्हार गली जैसे क्षेत्रों में कंपनी ने घरों में कनेक्शन और पूरी फिटिंग तो कर दी, लेकिन तीन महीने बाद भी गैस सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है, जिससे लोगों के घरों में लगे उपकरण बेकार पड़े हैं। शर्मा ने यह भी कहा कि रसोई गैस की कमी के बीच जिन घरों में PNG कनेक्शन है, उन्हें LPG सिलेंडर नहीं दिए जाने की स्थिति लोगों की परेशानी और बढ़ा रही है।
कांग्रेस ने मांग की है कि कंपनी अधूरे वार्डों में तेजी से पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करे और जिन घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां तत्काल गैस सप्लाई शुरू कर आम जनता को राहत दी जाए।




