दोस्तों संग जंगल में पार्टी करने गया युवक, दूसरे दिन नदी में मिली लाश

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। दोस्तों के साथ जंगल में पार्टी करने गए 25 वर्षीय युवक की पुरणी नदी से लाश मिली है। इसके बाद मामला संदिग्ध हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
मंगलवार को पारस निवासी बाबूलाल का पुत्र दीपक अपने खेत में भुट्टे तोड़ रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त वहां पहुंचे और उसे जोशी बाबा के जंगल में पार्टी के लिए चलने को कहा। इसके बाद सभी ने मिलकर खेत से भुट्टे तोड़े।
दोपहर करीब एक बजे चारों खेत से निकलकर जोशी बाबा के जंगल पहुंचे। यहां पार्टी करने के बाद सभी पुरणी नदी में नहाने लगे। इसी दौरान दीपक गहरे पानी में डूब गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला।
दीपक के डूबने के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल परिजनों या पुलिस को सूचना नहीं दी। अगले दिन दीपक की बाइक और कपड़े उसके घर पारस में छोड़कर चले गए। इधर दीपक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।
अगले दिन जोशी बाबा के जंगल स्थित पुरणी नदी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से दीपक का शव निकाला गया। सूचना पर उदयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल उदयनगर लाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में दीपक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि हम नहा रहे थे, लेकिन दीपक रात होने के कारण दिखाई नहीं दिया। उपनिरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्ट्या पानी में डुबना बताया गया है, लेकिन विसरा आदि की रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण ज्ञात होगा।
डाक्टर राहुल बडोदिया ने बताया विसरा, नाखून आदि के भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण ज्ञात होगा। गौरतलब है कि पूर्व में भी इस नदी पर अनेक घटना घट चुकी है। नदी काफी गहरी है। यहां पर प्राचीन मंदिर भी है।



