
देवास (ओमप्रकाश सेन)। रसलपुर बायपास पर निर्माणाधीन ब्रिज का जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए ब्रिज के नीचे का मार्ग जल्द खोले जाने की मांग की गई।
दरअसल शारदीय नवरात्रि में इंदौर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए देवास आते हैं। रसलपुर बायपास पर ब्रिज का कार्य चल रहा है। ब्रिज निर्माण के दौरान राहगीरों को लगभग 3 किमी घूमना पड़ रहा है। साथ ही बीच में सड़क की चौड़ाई भी कम है। ऐसे आवागमन में परेशानी को देखते हुए पार्षद अजय तोमर, गोपाल खत्री, सोनू परमार और विकास नगर की संस्था जन चेतना के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।

निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधि ब्रिज निर्माण कंपनी के कार्यालय भी पहुंचे और फोन पर अधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज का कार्य फरवरी माह तक पूरा होगा।
इस पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नवरात्रि से पहले ब्रिज के नीचे के हिस्से का रास्ता खोल दिया जाए, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पार्षद अजय तोमर ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा और नवरात्रि से पूर्व वैकल्पिक मार्ग खोलने की मांग की जाएगी।



