सूरज जैसे चमकना है, तो उसके जैसा जलना होगा- कलेक्टर ऋतुराज सिंह

असफलता, सफलता की प्रथम सीढ़ी है, असफलता से सीख लेनी चाहिए
कलेक्टर ने “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम में सभी बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं
“स्कूल चलें हम अभियान” अंतर्गत कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय सांदीपनि स्कूल बालगढ़ पहुंचकर विद्यार्थियों से की वार्ता
देवास। “स्कूल चले हम अभियान के” तहत “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम मध्यप्रदेश सरकार की एक बेहतरीन पहल है। यह प्रवेशोत्सव-2026 का हिस्सा है, जो 1 से 4 अप्रैल तक पूरे प्रदेश के 92 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूलों में चल रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना, ड्रॉपआउट रोकना, छात्रों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, उनका मार्गदर्शन करना हैं।
इसी अभियान के तहत कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सांदीपनि विद्यालय, बालगढ़ पहुंच कर छात्र-छात्राओं से भविष्य से भेंट कार्यक्रम अंतर्गत वार्ता की। कार्यक्रम में सभी छात्रों द्वारा अपनी जिज्ञासा अनुरूप प्रश्न पूछे गए, जिसका कलेक्टर श्री सिंह द्वारा सकारात्मक समाधान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों के सवालों के जवाब देते हुए कहा यह इंटरनेट और एआई का समय है आज कोई भी इनफॉरमेशन हमें बहुत शीघ्र प्राप्त हो जाती है परंतु पहले इन सुविधाओं का अभाव था कोई भी जानकारी प्राप्त करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती थी। आप सभी इन सुविधाओं एवं नई-नई तकनीकियों का सकारात्मक उपयोग कर भविष्य में आगे बढ़े।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा की जीवन में यदि सफल होना है तो असफलता से नहीं डरना चाहिए। असफलता, सफलता की प्रथम सीढ़ी है। हमें असफलता के कारण का मंथन करना चाहिए एवं उससे सीख लेकर उस पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में हमें एक लक्ष्य निश्चित करना चाहिए एवं उस लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय होकर कड़ी मेहनत करना चाहिए। आपकी दृढ़ शक्ति और दृढ़ निश्चय ही आपको आपके सपने तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि यदि “सूरज जैसे चमकना है, तो उसके जैसा जलना होगा” अर्थात जीवन में सफल होना है तो दृढ़ संकल्प के साथ कड़ी मेहनत करनी होगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने छात्रों से संवाद में भविष्य में क्या बनना चाहते हैं पूछा एवं उनकी इच्छा अनुरूप उन्हें मार्गदर्शन भी प्रदान किया। उन्होंने कहा सभी छात्र अच्छे से पढ़ाई कर उच्च शिक्षा के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई करने का लक्ष्य बनाएं। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई का स्तर बहुत अच्छा रहता है, जिससे आप जीवन में बहुत अच्छे स्थान पर पहुंच कर अपने माता-पिता एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस सत्र में शीघ्र ही नवीन भवन बनकर तैयार हो जाएगा और आप सभी उसमें प्रवेश कर पढ़ाई प्रारंभ कर सकेंगे।
इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने यूपीएससी की पढ़ाई के समय का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया की यूपीएससी क्रैक कर प्रशासनिक जॉब करना उनका सपना था। जिसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और पहले ही बार में यूपीएससी पास की। उन्होंने बताया कि यूपीएससी कोई भी व्यक्ति पास कर सकता है जिसके लिए उसे कड़ी मेहनत, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प के साथ तैयारी करना होगी। उन्होंने यूपीएससी के इंटरव्यू का प्रसंग सुनते हुए छात्रों को कहा कि जीवन में दबाव में आकर कोई भी गलत निर्णय नहीं लेना चाहिए हमें मेंटली स्ट्रांग बनना चाहिए। कलेक्टर श्री सिंह ने भविष्य से भेंट कार्यक्रम में सभी बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र बंसल द्वारा स्कूल की कार्यप्रणाली एवं नवाचारिक कार्यों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सिंह ने छात्रों को निःशुल्क पुस्तकें एवं गणवेश भी प्रदान की एवं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन माता-पिता को स्मरण करते हुए प्रेरणा गीत के साथ हुआ।
इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माणधीन नवीन सांदीपनि विद्यालय बालगढ़ का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेआउट के माध्यम से विद्यालय निर्माण की रूपरेखा समझ कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डीपीसी अजय मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी हरिसिंह भारती, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।




