स्पोर्टस

Ipl पावर प्ले में 4 विकेट खोने के बाद भी दिल्ली की दमदार वापसी, 6 विकेट से दर्ज की शानदार जीत

Share

 

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने विपरीत परिस्थितियों को मात देते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पावर प्ले में 4 विकेट गंवाने के बावजूद दिल्ली ने जबरदस्त वापसी कर मैच अपने नाम कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने शुरुआत से ही लखनऊ पर दबाव बनाए रखा। लखनऊ की बल्लेबाजी की शुरुआत लड़खड़ाई और पहला झटका 19 रन पर कप्तान ऋषभ पंत के रूप में लगा, जो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए।

इसके बाद भी लखनऊ की पारी संभल नहीं सकी। मिचेल मार्श (35) और अब्दुल समद (36) ने जरूर संघर्ष किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई, जो टी-20 के लिहाज से एक साधारण स्कोर साबित हुआ।

दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में टी. नटराजन सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। लुंगी एनगिडी ने भी 3.4 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लेकर लखनऊ की कमर तोड़ दी। कुलदीप यादव ने 2 और अक्षर पटेल ने 1 विकेट हासिल कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। पावर प्ले में ही टीम ने 26 रन पर 4 बड़े विकेट गंवा दिए। केएल राहुल से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह मोहम्मद शमी की पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बाउंड्री पर कैच थमा बैठे।

ऐसे मुश्किल समय में इम्पैक्ट प्लेयर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला और मैच का रुख पलट दिया। दोनों के बीच 119 रन की शानदार साझेदारी हुई। रिजवी ने नाबाद 70 रन (47 गेंद) की मैच विनिंग पारी खेली, जबकि स्टब्स ने 32 गेंदों में 39 रन बनाकर बेहतरीन साथ निभाया।

लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि मोहसिन खान ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 19 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। दिल्ली की लखनऊ पर यह 5वीं जीत है।

दिल्ली की इस जीत में गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और मिडिल ऑर्डर की शानदार बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई। यह मुकाबला एक बार फिर साबित करता है कि टी-20 क्रिकेट में आखिरी गेंद तक कुछ भी संभव है।

Ipl points table
Ipl points table
Back to top button