क्राइम

डायल 112 की तत्परता: भीषण सड़क हादसे में तुरंत पहुंची मदद, घायलों को मिला समय पर इलाज

Share

 

देवास में डायल 112 की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित कर दी। सतवास क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस की तत्परता से 6 घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई गई।

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में डायल 112 सेवा लगातार आमजन के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देशों का असर अब जमीन पर साफ दिखाई दे रहा है।

इसी क्रम में 1 अप्रैल को प्रातः करीब 3:30 बजे थाना सतवास क्षेत्र के ग्राम बायजगवाड़ा, सतवास रोड पर एक भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना डायल 112 पर प्राप्त हुई। सूचना के अनुसार आईसर और अर्टिगा वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी, जिसमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही डायल 112 की एफआरवी क्रमांक 25, जिसमें आरक्षक घनश्याम यादव एवं पायलट अनिल बैरागी तैनात थे, तत्काल मौके के लिए रवाना हुए। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बिना समय गंवाए घायलों की पहचान की और प्राथमिक सहायता देते हुए उन्हें तुरंत शासकीय अस्पताल सतवास पहुंचाया।
घायलों में मोहित पिता किशनलाल (28), आनंद पिता बाबूलाल (32), पवन पिता रामनिवास (35), आनंद पिता सालिगराम (34), सुरेश पिता रमेशचंद्र और संदीप, सभी निवासी बस्तरपुरा जिला सीहोर शामिल हैं। पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते सभी घायलों को समय पर उपचार मिल सका, जिससे उनकी स्थिति संभालने में मदद मिली।

देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर चलते समय सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।

Back to top button