Dewas news दूध के दाम बढ़ाना अनुचित, सरकार करे हस्तक्षेप: कांग्रेस

युद्ध हालात का फायदा उठाकर बढ़ाई जा रही महंगाई, 64 रुपए लीटर दूध पर उठे सवाल
देवास। दूध के दाम बढ़ाकर 64 रुपए प्रति लीटर किए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने इसे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
शहर में दूध के दामों में अचानक 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने इस फैसले को अनुचित बताते हुए कहा कि व्यापारी और संगठन समय का फायदा उठाकर महंगाई बढ़ा रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान हो रही है।
युद्ध हालात का उठाया जा रहा फायदा-
सुधीर शर्मा ने कहा कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल-ईरान और अमेरिका जैसे देशों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ऐसे हालात में जरूरी वस्तुओं की कीमतों में कुछ असर जरूर पड़ता है, लेकिन इसका फायदा उठाकर स्थानीय स्तर पर रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ाना गलत है।
पहले ही बढ़ चुकी है कई चीजों की कीमत-
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं, वहीं बिजली कंपनियों ने भी दरों में वृद्धि की है। इसके अलावा किराना सामग्री के दाम पहले से ही बढ़े हुए हैं। ऐसे में दूध के दाम बढ़ाना आम लोगों के लिए और मुश्किलें बढ़ाने वाला कदम है।
चाय से लेकर मावा तक पड़ेगा असर-
सुधीर शर्मा ने बताया कि दूध के दाम बढ़ने से पहले ही छोटे चाय दुकानदारों ने 5 रुपए की चाय को 6 रुपए कर दिया है। अब दूध 64 रुपए प्रति लीटर होने से चाय, घी, पनीर, मावा और अन्य डेयरी उत्पादों के दाम भी बढ़ेंगे, जिससे महंगाई का असर हर घर तक पहुंचेगा।
सरकार से बैठक बुलाने की मांग
कांग्रेस नेता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि वे इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों और दुग्ध संघ के सदस्यों की बैठक बुलाकर बढ़े हुए दामों को कम करवाना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
दाम बढ़ाने पर पहले भी उठ चुके हैं सवाल-
सुधीर शर्मा ने कहा कि दूध के दामों को लेकर पहले भी उच्च स्तर पर आपत्तियां जताई जा चुकी हैं। ऐसे में बार-बार कीमतें बढ़ाना उचित नहीं है।
दाम वापस लेने की मांग
उन्होंने दुग्ध संघ से भी अपील की है कि वह बढ़े हुए दूध के दामों को वापस ले और जनता को राहत प्रदान करे। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए, न कि महंगाई बढ़ाकर लोगों पर बोझ डालना चाहिए।




