मंडी व्यवस्था सुधरे, किसानों को मिले उचित मूल्य- किसान नेता बबलू जाधव

देवास। कृषि उपज मंडी में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और मंडी व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसान नेता बबलू जाधव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बबलू जाधव ने कहा कि सोमवार को देवास कृषि उपज मंडी में गेहूं के भाव और नगद भुगतान की व्यवस्था को लेकर किसानों में असंतोष की स्थिति बन गई थी। केंद्र सरकार द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 2625 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है, लेकिन मंडी में बोली इससे काफी कम लगाई जा रही थी।
इस मामले को लेकर कहा कि यदि सरकार किसानों के लिए समर्थन मूल्य तय करती है तो मंडी में उसी के अनुरूप खरीद होना चाहिए। किसानों की उपज की बोली समर्थन मूल्य से कम लगना उनके परिश्रम के साथ अन्याय है। मंडी प्रशासन का दायित्व है कि वह पारदर्शी और न्यायपूर्ण नीलामी व्यवस्था बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि मंडी में भुगतान व्यवस्था को लेकर भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी के नियमानुसार किसानों को दो लाख रुपए तक नगद भुगतान का अधिकार है, इसलिए किसानों को यह सुविधा बिना किसी अड़चन के उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
किसान नेता बबलू जाधव ने मंडी समिति से मांग की कि मंडी में नीलामी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और भुगतान की व्यवस्था भी सरल व सुगम हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो किसान संगठित होकर बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि किसान ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए मंडी प्रशासन को चाहिए कि किसानों के सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करे, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।




