खेत-खलियान

गुरु गंगदास गौशाला व FPO के कार्यों से प्रभावित हुए किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष

Share

 

देवास। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राजपूत रविवार को देवास जिले के ग्राम बड़ी चुरलाय पहुंचे। यहां उन्होंने गौशाला, समाधि स्थल तथा किसान उत्पादक कंपनी के कार्यों का अवलोकन किया और किसानों के हित में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।

प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत के ग्राम बड़ी चुरलाय आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और किसानों ने उनका स्वागत किया। सर्वप्रथम उन्होंने सरपंच प्रतिनिधि कुंदन सिंह बैस के साथ गुरु गंगदास गौशाला का निरीक्षण किया और गौसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। इसके पश्चात वे श्रीश्री 1008 गुरु गंगदास महाराज के समाधि स्थल पहुंचे, जहां गुरु महाराज के दर्शन किए तथा वहां आयोजित सत्संग में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद राजेन्द्र सिंह राजपूत गुरु गंगदास फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPO) के कार्यालय एवं वेयरहाउस पहुंचे। यहां कंपनी के चेयरमेन जगपाल सिंह सिकरवार ने उन्हें कंपनी की गतिविधियों और किसानों को दिए जा रहे सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा जा रहा है और कृषि को लाभकारी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ने ड्रोन के माध्यम से फसलों पर स्प्रे, किसानों को बीज दर कम करने के लिए प्रेरित करना, मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देना तथा बागवानी फसलों की ओर किसानों को प्रोत्साहित करने जैसे कार्यों को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

राजपूत ने जगपाल सिंह सिकरवार के खेत पर रखे मधुमक्खी पालन के बॉक्स का भी निरीक्षण किया और किसानों को प्राकृतिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने गुरु गंगदास फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य क्षेत्रों के किसानों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

इस अवसर पर FPO के चेयरमैन जगपाल सिंह सिकरवार, सीईओ प्रदीपसिंह राजपूत, धर्मेंद्रसिंह राजपूत, मैनेजर भूपेन्द्रसिंह राजपूत, जीवनसिंह, राजेंद्र सिंह, बद्रीसिंह मंडलावदा, कैलाशसिंह मंडलावदा सहित कई किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Back to top button