फाग यात्रा के बाद निगम की तत्परता, विशेष अभियान चलाकर सड़कों से हटाया गुलाल और कचरा

देवास। रंग पंचमी के अवसर पर निकली फाग यात्रा के बाद नगर निगम ने तुरंत सफाई अभियान चलाकर यात्रा मार्ग की सड़कों को साफ कराया। निगम की टीम ने गुलाल, प्लास्टिक और अन्य कचरे को हटाकर शहर की सड़कों को कुछ ही समय में स्वच्छ बना दिया।
होली महोत्सव के अंतर्गत रंग पंचमी के पावन अवसर पर सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में शहर के मुख्य मार्गों से फाग यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी शामिल हुए तथा जगह-जगह गुलाल उड़ाकर और रंगों के साथ उत्सव का आनंद लिया।

फाग यात्रा के दौरान मार्ग पर बड़ी मात्रा में गुलाल, प्लास्टिक की थैलियां तथा अन्य वेस्ट कचरा फैल गया था। यात्रा समाप्त होते ही नगर निगम देवास द्वारा तुरंत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निगम के सफाई अमले ने यात्रा मार्ग पर पहुंचकर सड़कों पर फैले गुलाल और कचरे को हटाते हुए पूरी सड़क की सफाई करवाई, जिससे शहर की मुख्य सड़कें दोबारा स्वच्छ नजर आने लगीं।

महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल के निर्देशानुसार रंग पंचमी और फाग यात्रा को देखते हुए पहले से ही विशेष सफाई व्यवस्था की योजना बनाई गई थी। इसी के तहत फाग यात्रा निकलने के तुरंत बाद निगम की टीम सक्रिय हुई और निर्धारित मार्ग पर सफाई कार्य शुरू कर दिया गया।




