आपका शहर

भाजपा की महाविजय: धन्यवाद देवास… सभी ने मिलकर चुनी विकास की राह

भाजपा की महापौर प्रत्याशी गीता दुर्गेश अग्रवाल और पार्षद प्रत्याशियों को मिला शहरवासियों का आशीर्वाद

हम वादा करते हैं देवास की जनता का जीवन स्तर ऊपर उठाने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे- विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार

देवास। नगर निगम चुनाव में भाजपा को शहरवासियों का जबरदस्त समर्थन हासिल हुआ है। महापौर प्रत्याशी गीता दुर्गेश अग्रवाल को जनता ने 45884 मतों से विजयश्री प्रदान की तो 45 वार्डों में 32 पार्षद भी भाजपा के जीते। यह रिकॉर्डतोड़ सफलता निश्चित तौर पर शहर विकास की गति को और तेज करेगी। इस जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही शहरवासी उत्साहित हैं, क्योंकि सभी ने मिलकर शहर विकास की राह को चुना है।

विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने इस प्रचंड बहुमत वाली जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मैं हृदय से देवास की जनता को धन्यवाद देती हूं। जनता ने महापौर प्रत्याशी एवं भाजपा के पार्षदों को अपना आशीर्वाद एवं स्नेह प्रदान किया है। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमारी प्लानिंग बहुत ही पारदर्शी रही है। पिछले सात साल में हमने देवास के लिए जो किया है, वह जनता को बताया। आने वाले पांच साल में हम क्या करने वाले हैं यह भी स्पष्ट किया। केवल इस पर ही हम सीमित नहीं रहेंगे, इससे भी आगे जाएंगे। विधायक श्रीमंंत गायत्री राजे पवार ने कहा कि यह हमारा वादा है कि देवास की जनता का जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। भाजपा की इस जीत का श्रेय शहरवासियों को है, जिन्होंने खराब मौसम में भी आकर मतदान किया। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता ने इस जीत के लिए बहुत मेहनत की।

मीडिया प्रभारी भरत चौधरी ने बताया कि भाजपा की महापौर प्रत्याशी और पार्षद प्रत्याशियों की सफलता से सारे शहर में उत्सव का वातावरण निर्मित हो गया। मतगणना स्थल से कुछ दूरी पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा का झंडा अपने हाथों में लेकर जीत की खुशी मना रहे थे। इस खुशी में शहर की जनता भी शामिल थी। वार्डों में भी इस प्रचंड जीत पर जगह-जगह जुलूस निकाले गए। आतिशबाजी कर मिठाई वितरित की गई। विजयी प्रत्याशियों के साथ-साथ वार्डवासियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस विशाल जीत की खुशी व्यक्त की।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button