मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में हुई दुर्घटना पर लिया सख्त एक्शन, विस्तृत जांच के निर्देश
सीएसपी को तत्काल हटाने और 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार-रविवार दरमियानी रात ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुई दुर्घटना में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सख्त एक्शन लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। प्रदेश के सभी नागरिकों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएसपी को तत्काल हटाने तथा 3 थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक एवं 3 आरक्षकों सहित कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि ग्वालियर जिले के सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शनिवार देर रात लगभग 1:30 बजे हुए दुःखद सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि लगभग 42 श्रद्धालु घायल हुए हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंतरी की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया। इस दौरान प्रवेश द्वार के पास मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम द्वारा घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल जयारोग्य चिकित्सालय, ग्वालियर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तेजी के साथ उनका उपचार प्रारंभ किया।




