मप्र राज्य कर्मचारी संघ के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष दशरथ सिंह सैंधव का कर्मचारियों ने किया स्वागत

एकजुट होकर संघर्ष करेंगे, तभी कर्मचारियों की मांगें होंगी पूरी- सैंधव
देवास। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ में संगठन को और अधिक मजबूत करते हुए दशरथ सिंह सैंधव को जिला उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से जिलेभर के कर्मचारियों में उत्साह है। साथी कर्मचारियों द्वारा जगह-जगह उनका आत्मीय स्वागत किया जा रहा है।
शुक्रवार को राज्य अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष हिमरतसिंह तोमर, पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तमसिंह सिसोदिया, प्रवीण पारस आदि ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उनसे उम्मीद जताई कि दशरथ सिंह सैंधव अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर कर्मचारियों की लंबित एवं ज्वलंत मांगों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे। विशेष रूप से पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति, वेतन विसंगति एवं सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए उनके प्रयास निर्णायक साबित होंगे।
नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष श्री सैंधव ने सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और संगठन की एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें तभी पूरी होंगी जब हम सभी एकजुट होकर संगठित संघर्ष करेंगे। संघ का प्रत्येक पदाधिकारी कर्मचारियों की आवाज बनकर शासन तक बात पहुंचाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारी हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और संगठन पूरी मजबूती के साथ कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।




