स्पोर्टस

गौतमपुरा में फ्रेंचाइजी क्रिकेट की गूंज

Share

 

– देपालपुर प्रीमियर लीग ने रचा नया इतिहास

– 16 टीमों के 250 खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में दिखाई अपनी प्रतिभा

गौतमपुरा। ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर आयोजित देपालपुर प्रीमियर लीग (डीपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक गौतमपुरा के शासकीय स्कूल मैदान पर चले इस पांच दिवसीय टूर्नामेंट ने न सिर्फ युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच दिया, बल्कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट की नींव भी मजबूत की। सफल आयोजन के बाद अब चारों ओर टूर्नामेंट की सराहना हो रही है।

क्रिकेट के जानकारों, पूर्व खिलाड़ियों और दर्शकों ने इसे ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट को नई दिशा देने वाला आयोजन बताया। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी और रोमांचक मुकाबलों ने देपालपुर प्रीमियर लीग को खास बना दिया। क्षत्रिय कलोता समाज युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन पटेल और उनके साथी अर्जुन मकवाना की परिकल्पना के रूप में खेला गया टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र में अपनी तरह का पहला टूर्नामेंट है, जिसमें सभी टीम फ्रेंचाइजी क्रिकेट की तर्ज पर खेली। इसमें देपालपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 250 खिलाड़ियों को अलग-अलग 16 टीमों में बांटा गया। देपालपुर, गौतमपुरा, इंदौर के विभिन्न प्रतिष्ठानों के मालिकों को इन टीमों का मालिकाना हक दिया गया। इससे एक ओर जहां खेल प्रतिभाओं को अपना जौहर दिखाने का मौका मिला, वहीं विभिन्न प्रतिष्ठानों को अपना प्रचार-प्रसार करने का भी मंच मिला।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका-
सुपर सिक्स फार्मेट के साथ खेले गए पांच दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में सांवेर वाला ज्वेलर्स इंदौर, राधिका कृषि सेवा केंद्र फरखोदा, शिवशक्ति कृषि सेवा केंद्र गौतमपुरा, वीएम स्पोर्ट्स जोन देपालपुर, रणवीर प्रिंटर्स एंड आर्ट गैलरी देपालपुर, द वेडेड टेल्स फोटोग्रॉफी इंदौर, एएस रियलिटी इंदौर, पाटीदार रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स गौतमपुरा, प्रेमराज गार्डन एंड रिजॉर्ट नैनोद, श्री गौरी ट्रेडिंग कंपनी गौतमपुरा, टीपी कलेक्शन और प्रेम ट्रेडर्स गौतमपुरा, शौर्य फैब्रिक इंदौर, विकास ट्रेडिंग कंपनी गौतमपुरा, आनंद डे केयर क्लिनिक गौतमपुरा, फिटनेस जिम और मंत्री जी स्टोर्स गौतमपुरा, टीया एंटरप्राइजेज गौतमपुरा ने फ्रेंचाइजी यानी स्पोंसर की भूमिका में टीमों के जरिए भाग लिया।

बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन-
प्रतियोगिता का फायनल दर्शकों की बड़ी संख्या के बीच द वेडेड टेल्स फोटोग्राफी और टीया एंटरप्राइजेज गौतमपुरा के बीच खेला गया। इसमें द वेडेड टेल्स फोटोग्राफी ने बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा किया। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री हिदायतुल्ला ख़ान ने विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51000 और ट्रॉफी, उप विजेता को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान की। वहीं सुंदरम सोलर एनर्जी के सौजन्य से तृतीय पुरस्कार 11000 रुपए और ट्रॉफी सेमीफाइनल में पराजित टीम को दिया गया।

सम्मान समारोह के दौरान फायनल में मैन ऑफ द मैच टीया एंटरप्राइजेज गौतमपुरा के अमित को उनकी 76 रनों की शानदार पारी के लिए दिया गया। मैन ऑफ द सीरीज भी अमित को ही मिली। बेस्ट बैट्समैन का इनाम देव और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार सचिन को दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अभिषेक रविन्द्र दुबे ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, स्पोंसर, सभी टीमों, खिलाड़ियों, सभी सहयोगियों और क्रिकेट प्रेमियों का आभार जताया।

Back to top button