नगर निगम

जल वितरण व गुणवत्ता पर विधायक ने ली मीटिंग, निगम अधिकारियों को दिए त्वरित सुधार के निर्देश

Share

 

देवास। शहर में पेयजल वितरण व्यवस्था और पानी की गुणवत्ता को लेकर विधायक गायत्री राजे पवार ने निगम आयुक्त दलीप कुमार के साथ निगम सभागृह में जलप्रदाय से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में शहर में किए जा रहे जल वितरण और पानी की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

सभी वार्डों में पानी वितरण के समय एवं कुछ स्थानों पर जल वितरण में आ रही समस्याओं पर विधायक ने अधिकारियों से जानकारी लेते हुए तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल वितरण प्रणाली को और बेहतर बनाया जाए तथा इसमें पार्षदों का सहयोग लिया जाए। शहर की पानी की टंकियों को हर तीन माह में साफ करवाने के साथ ही टंकियों पर सफाई की दिनांक अंकित की जाए। वार्डों में पीने के पानी की सप्लाई लाइन की निरंतर जांच की जाए।
वार्डों में जलप्रदाय की पाइप लाइन डालने या अन्य विभागीय कार्य किए जाने की स्थिति में संबंधित वार्ड पार्षद को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर किए गए कार्य और अधिक सुचारू रूप से पूरे होंगे। उन्होंने वार्डों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर पार्षदों से चर्चा कर वार्डों में आ रही समस्याओं को नोट करने एवं उनके निराकरण की कार्रवाई करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री इंदुप्रभा भारती को दिए।

कॉलेज एवं स्कूलों की पानी की टंकियों की सफाई एवं समय-समय पर जांच की व्यवस्था पर सभापति रवि जैन ने चर्चा करते हुए स्कूल संस्थापकों से रिपोर्ट लिए जाने की बात कही। वार्डों में जहां अवैध नल कनेक्शन हैं, उन्हें वैध करने की कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।
निगम आयुक्त ने बताया कि पानी की गुणवत्ता को लेकर पानी सप्लाई के समय नलों एवं घरों पर जाकर निगम की टीम द्वारा जांच की गई, जिसमें पानी मानक स्तर पर सही पाया गया। कुछ वार्डों में पानी की समस्या थी, जिसका तत्काल निराकरण कर दिया गया है। पानी का अपव्यय रोकने के लिए नागरिकों को नलों में टोटी लगाने हेतु जागरूक किया जाएगा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी वार्ड में गंदे पानी की समस्या उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में निगम नेता सत्तापक्ष मनीष सेन, निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष, लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल, शहर गरीबी उपशमन समिति अध्यक्ष शीतल गेहलोत, पार्षद राजा अकोदिया, बाली घोसी, राहुल दायमा, महेश फुलेरी, नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पवार, पार्षद प्रतिनिधि प्यारे मियां पठान, वसीम हुसैन, महेंद्र देशमुख, निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, आरती खेडेकर, प्र. कार्यपालन यंत्री सौरभ त्रिपाठी, सहायक यंत्री दिनेश चौहान, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button