क्राइम

नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, डबलचौकी चौकी क्षेत्र में दो वाहन जब्त

Share

 

बरोठा (अमर चौधरी)। सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतते हुए पुलिस चौकी डबलचौकी, थाना बरोठा ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाहन चेकिंग के दौरान नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते पाए गए दो चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान एक आयशर वाहन को रोका गया, जिसे चालक दिनेश चौहान शराब के नशे में असंतुलित ढंग से चला रहा था। चालक की स्थिति को देखते हुए उसके विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई कर आयशर वाहन को मौके पर ही जब्त किया गया। इसी तरह एक बीएमडब्ल्यू चार पहिया वाहन चालक कपिल, निवासी जिला इंदौर, को भी जांच के दौरान रोका गया, जो शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते पाया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहन को विधिवत जब्त किया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य नागरिकों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक सविता सिंह जाटव (थाना प्रभारी बरोठा), उप निरीक्षक मयंक वर्मा (चौकी प्रभारी डबलचौकी), सउनि राधेश्याम शर्मा, प्रधान आरक्षक जालू देवड़ा, आरक्षक लक्की मेहरा, अतुल वर्मा एवं अक्षय कौशल की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button