राज्य

नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

Share

 

झाबुआ। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला कार्यालय पर समस्त नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता संभाग समन्वयक अमित शाह ने की।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की प्रत्येक ब्लॉक में चयनित नवांकुर संस्थाओं को वर्षभर के एजेंडे के अनुसार अपना काम करना होता है, जिसकी प्रत्येक माह बैठक और त्रैमासिक समीक्षा की जाती है। उसी कड़ी में यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई।इसमें नवांकुर संस्थाओं ने अपना प्रतिवेदन दिया और गांव में किए जाने वाले कार्यों को मौखिक रूप से सभी से साझा किया।

इस अवसर पर संभाग समन्वयक अमित शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नवांकुर संस्था अपना फील्ड वर्क और दस्तावेजीकरण मजबूत करें। साथ ही ग्राम विकास और सामूहिकता, स्वैच्छिकता और स्वावलंबन की प्रक्रिया पर काम करें। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग करें, जिससे उसे आगे जाने में सहयोग मिलेगा। इससे पूर्व मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

स्वागत भाषण देते हुए जिला समन्वयक प्रेमसिंह चौहान ने कहा कि समीक्षा बैठक से आपका आत्म मनोबल बढ़ता है एवं दूसरे साथियों से कार्य सीखने मिलता है और प्रेरणा भी मिलती है। इसे एक कार्यशाला के रूप में लेना चाहिए और अपने काम को निखारना चाहिए। आप सभी ने ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान में काफी अच्छा काम किया है। पूरे जिले के 150 गांव में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए हैं। इस दौरान जिले से आए विभिन्न नवांकुर संस्थाओं ने भी अपने-अपने विचार साझा किये। संचालन झाबुआ ब्लॉक समन्वयक तोलिया डामोर ने किया एवं आभार प्रदर्शन रामा ब्लॉक समन्वयक तेजसिंह देव, वर्षा डोडियार ने माना। समीक्षा बैठक में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद झाबुआ जिले की सभी संस्थाओं के सदस्यों द्वारा सहभागिता की गई।

Back to top button