युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में पसरा मातम

उदयनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
उदयनगर (बाबू हनवाल)। क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में रविवार रात एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की घटना से गांव में सनसनी फैल गई। युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस संवेदनशील मामले में हर पहलू से जांच कर रही है और स्वजन व परिचितों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय महेश पुत्र मुन्नालाल मूल रूप से मिर्जापुर निवासी था, लेकिन पिछले कुछ समय से इंदौर में रहकर मजदूरी करता था। रविवार को वह गांव आया और दिनभर इधर-उधर घूमता रहा। शाम को वह घर लौटा और घर के पीछे बने उस स्थान पर पहुंचा जहां मवेशी बांधे जाते हैं। यहीं उसने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
महेश की बेटी ने पिता को फंदे पर लटकते देखा। वह घबराकर रसोई में खाना बना रही अपनी मां के पास दौड़ी और पिता के बारे में बताया। दोनों तुरंत मौके पर पहुंचे, महेश को नीचे उतारा और उदयनगर के दवाखाने ले गए, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वजनों के अनुसार महेश की पहली शादी फुलाबाई से हुई थी। बाद में उसने गांव की एक अन्य युवती से विवाह कर लिया और दोनों इंदौर में रहने लगे। फुलाबाई महेश के मिर्जापुर स्थित मकान में ही रहती थी और उसके तीन बच्चे हैं। रिश्तों के महेश ने आत्महत्या क्यों की, इस पहलू पर पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
उदयनगर दवाखाने में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरा परिवार शोक में डूबा है और गांव में भी गम का माहौल व्याप्त है।




