देवास पुलिस की बड़ी कामयाबी: 1 साल 4 माह बाद लाखों की लूट का सनसनीखेज खुलासा

दोनों आरोपी धराए, पूरा माल बरामद
देवास। इंदौर-देवास बायपास पर हुई लाखों की लूट की वारदात को देवास पुलिस ने 1 साल 4 माह की लगातार मेहनत, तकनीकी जांच और मजबूत टीमवर्क के दम पर सुलझा लिया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में बनी विशेष टीमों ने दोनों शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर पूरा लूटा गया माल बरामद कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। लूट की घटना 3 जुलाई 2024 की है। फरियादी अखिलेश विश्वकर्मा, निवासी बाणगंगा इंदौर, ने थाना नाहर दरवाजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 12.30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल बजाज एवेंजर (MP09 QX 9617) से देवास आ रहा था। लक्की ढाबा और HP फ्यूल पंप के बीच सड़क किनारे फोन पर बात करते समय दो अज्ञात बदमाश उसके पास आए और रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की।
अचानक पीछे बैठे बदमाश ने फावड़ा के हत्थे से उसके हेलमेट पर जोरदार वार किया। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट कर उसे धमकाया और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंपनी के दस्तावेजों वाला बैग, दो GPS डिवाइस, ATM कार्ड आदि लूटकर भाग निकले। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नाहर दरवाजा में धारा 309(6) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
एसपी पुनीत गेहलोद ने दिए कड़े निर्देश-
लूट की इस गंभीर घटना को प्राथमिकता में लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और संपूर्ण माल बरामद करने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही आरोपियों पर नगद इनाम की उद्घोषणा भी की गई, जिससे जांच को और गति मिली।
दो विशेष टीमों का गठन-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा निरीक्षक मंजू यादव के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने
घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सीसीटीवी में आरोपियों को लूट के बाद भागते हुए पहचाना गया। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने अंततः दोनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद-
पुलिस ने विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए अरुण कुशवाह (23 वर्ष) निवासी अहमदपुर जिला सीहोर एवं
रंजीत कुशवाह (22 वर्ष) निवासी ग्राम माहौली थाना गुनगा जिला भोपाल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से
मोटरसाइकिल, लैपटॉप व चार्जर, मोबाइल फोन, ATM कार्ड। कुल 2 लाख 20 हजार रुपए का समस्त लूटा गया माल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित और सटीक कार्रवाई से फरियादी को पूरा माल वापस मिल सका।
सफलता के पीछे टीम का समर्पित प्रयास-
इस उल्लेखनीय सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू यादव, उपनिरीक्षक डीपी माछीवाल, कमल झोडिया, प्रआर नितेश द्विवेदी, भगवान सिंह, रवि भदौरिया, आर नवदीप महाजन, विशाल मुवैल, विकास पटेल, धर्मेंद्र भिलाला तथा सायबर सेल से प्रआर सचिन चौहान व शिवप्रताप सिंह सेंगर का विशेष योगदान रहा।




