नापाखेड़ी मुख्य मार्ग पर हो रहे गड्ढे, जानलेवा पुलिया दे रही हादसों को न्योता

सिरोल्या (अमर चौधरी)। नापाखेड़ी मुख्य मार्ग आज लोगों की परेशानी का सबब बन गया है। कभी आवागमन का सुगम रास्ता माने जाने वाले इस मार्ग पर खतरनाक गढ्ढे हो गए हैं। तेज बारिश के बाद लोदरी नदी पर बनी पुलिया पर भी गड्डे हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के दोनों सिरों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें आए दिन दोपहिया वाहन चालक फंसकर गिर जाते हैं। रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कई बार वाहन चालक अंधेरे में गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं। बड़े वाहनों को पार करने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

ग्रामीण विनोद चौधरी, पप्पू पटेल, लाखनसिंह नागर, रायसिंह, विशाल मंडलोई, दीपक नागर, राकेश रावत, धर्मेन्द्र नागर, जितेंद्र पटेल, अंकित पटेल, रवि चौधरी आदि का कहना है कि एक दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीण रोज इसी मार्ग से जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। बच्चों को स्कूल ले जाना, मरीजों को अस्पताल पहुंचाना और किसानों को अपनी उपज मंडी ले जाना सब इसी मार्ग से होता है।
अब सड़क की जर्जर स्थिति से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के दिनों में पानी भरने से पुलिया और सड़क दोनों ही खतरे का केंद्र बन जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार स्थानीय प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द इस मार्ग और पुलिया की मरम्मत करवाने के साथ नया निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।




