संकरी पुलिया से नदी में गिरी कार, दो की मौत, दो घायल

चापड़ा (नरेंद्रसिंह ठाकुर)। इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मोखापिपल्या की कालीसिंध नदी पर एक जर्जर और संकरी पुलिया से कार क्रमांक पीबी 70 जी 2498 अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकाल लिया।
घटना सुबह करीब 11 बजे कमलापुर थाना क्षेत्र के चापड़ा गांव के पास हुई। कार मदुरई से इंदौर जा रही थी। जैसे ही वह पुरानी पुलिया पर पहुंची, सामने से एक ट्रक आ गया। संकरी पुलिया होने के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार 12 फीट ऊंचाई से नदी में जा गिरी।
ग्रामीणों ने बचाई दो लोगों की जान-
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। कार में चार लोग सवार थे। आगे बैठे दो लोगों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी और समय पर बाहर नहीं निकल पाए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। पीछे बैठे दो अन्य लोगों को ग्रामीणों ने कांच तोड़कर बाहर निकाला। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
इन लोगों का रहा सहयोग-
हादसा होने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही नदी में छलांग लगा दी ओर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल दिया। इस दौरान सूरज सिंह गेहलोद, अर्जुन गेहलोद, राजपाल गेहलोद, अर्जुन बनेसिंह गेहलोद, बाकिल दुबे, विजय गेहलोद, राजेंद गेहलोद, राहुल जाट का अहम योगदान रहा है।
मृतक रेस्टोरेंट कर्मचारी, एक को छोड़ने जा रहे थे इंदौर-
कार सवार चारों व्यक्ति मदुरई के रहने वाले हैं और विभिन्न शहरों के रेस्टोरेंट्स में साउथ इंडियन डिशेज बनाने का काम करते थे। मृतकों की पहचान गोपी इकनी (40) और आनंद सिग्याराम (40) के रूप में हुई है। घायलों में इलैयाराजा (40) और उच्छातेवस आरमुबम (44) शामिल हैं। चारों तमिलनाडु के रहने वाले हैं। घायलों को बागली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, वे आनंद राज को इंदौर छोड़ने जा रहे थे।
100 साल पुरानी पुलिया बनी हादसों का कारण-
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पुलिया करीब 100 साल पुरानी है और अब तक चार बड़े हादसे इसी स्थान पर हो चुके हैं। कोई संकेतक या बैरिकेडिंग भी नहीं है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन को शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच-
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस थाना कमलापुर प्रभारी उपेंद्र नाहर, पुलिस सहायता केन्द्र प्रभारी राकेश नरवरिया तत्काल मौके पर पहुंचे। कमलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई राकेश नरवरिया ने बताया कि रोड गश्त के चलते वह घटना स्थल पर ही थे। हादसा होते ही स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल चारों लोगों को पानी उतरकर कार से बाहर किया गया। लेकिन जब तक रेस्क्यू होता दो ने दम तोड दिया। चारों मदुरई के रहने वाले हैं। नरवरिया ने बताया कि दोनों के शव का शासकीय अस्पताल बागली पर पीएम कर परिजनों के सुपुर्द किया गया है।



