नगर निगम

जनसुनवाई में नागरिकों को मिला समाधान का भरोसा

Share

 

समस्या सुनते ही महापौर ने दिए निर्देश, हर समस्या का समयबद्ध होगा निराकरण

देवास। नगर निगम की जनसुनवाई इस बार भी उम्मीदों पर खरी उतरी। बुधवार को निगम बैठक हॉल में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने आमजनों की समस्याएं पूरी गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि, कोई भी नागरिक अनसुना नहीं रहेगा, हर समस्या का समयबद्ध समाधान होगा।

जनसुनवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने जलजमाव, सीवरेज जाम, सफाई और नगर विकास से जुड़ी समस्याएं रखीं। बद्रीधाम नगर एवं अर्चना बिहार कॉलोनी के रहवासियों ने गार्डन के सामने मुख्य रास्ते पर बारिश में जलजमाव की समस्या उठाई, जिससे स्कूल बसों व नागरिकों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। महापौर ने लोक निर्माण एवं स्वच्छता विभाग को त्वरित जल निकासी कराने के निर्देश दिए।

वहीं, सिविल लाइन क्षेत्र के सदाशिव नगर निवासी अनिल कुमार ने सीवरेज पाइपलाइन के जाम होने की शिकायत की, जिस पर महापौर ने अधिकारियों को तत्काल सफाई कर मार्ग सुगम करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महापौर ने विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल के साथ व्यवसायियों को खाद्य एवं अखाद्य लाइसेंसों का वितरण भी किया।

महापौर श्रीमती अग्रवाल ने कहा, कि जनसुनवाई सिर्फ औपचारिकता नहीं, यह जनता से हमारा सीधा संवाद है। हमारी जिम्मेदारी है कि हर नागरिक को सुना जाए और उसकी समस्या का हल निकाला जाए। नगर निगम की कार्यशैली में पारदर्शिता और गति दोनों होनी चाहिए, जिससे देवास एक विकसित और सुविधाजनक शहर बने।

उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-
उपायुक्त ज़ाकिर जाफरी, वित्त उपायुक्त दीपक पटेल, सहायक यंत्री जगदीश वर्मा, दिनेश चौहान, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया, कार्यालय अधीक्षक अशोक देशमुख, उपयंत्री पलक श्रीवास्तव, जीवन रावत, सूर्यप्रकाश तिवारी, राजस्व अधिकारी राम ठाकुर, विकास शर्मा, हरेंद्रसिंह ठाकुर, विशाल जगताप, अन्य अधिकारी मुन्ना कुरैशी, उमेश चतुर्वेदी, संजय सांगते, प्रह्लाद चौहान, भाजपा नेता विपुल अग्रवाल, जितेंद्र जायसवाल, कैलाश दशोरे, डॉ. अशोक निगम, सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण एवं व्यवसाई उपस्थित रहे।

Back to top button