स्कूल बसों पर कसा शिकंजा: दस्तावेजों में गड़बड़ी पर दो बसें जब्त, चार पर 37 हजार की वसूली

देवास। जिले में स्कूल बसों की मनमानी अब नहीं चलेगी। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए दस्तावेजों की जांच के दौरान दो बसों को जब्त कर लिया, जबकि अन्य चार बसों से भारी जुर्माना वसूला गया।
जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीरता दिखाते हुए परिवहन विभाग ने स्कूल बसों पर बड़ी कार्यवाही की है। टिगरिया गोगा गांव स्थित एविएस स्कूल की बसों की जांच के दौरान दो बसों के दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के अंतर्गत अन्य बसों को भी सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार दस्तावेज और सुरक्षा मानकों को सात दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी दौरान जिले के अन्य स्कूलों की बसों की जांच में कमियां पाए जाने पर चार बसों से कुल 37 हजार रुपये का राजस्व भी वसूला गया।
वर्षा ऋतु की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने समस्त स्कूल बस संचालकों और यात्रियों की बसों के चालकों से अपील की है कि सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। विशेष रूप से पुल-पुलियाओं पर जलभराव की स्थिति में वाहन चलाने से बचें।
परिवहन विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




