सतपुड़ा एकेडमी में मनाया योग दिवस

– बच्चों ने उत्साह से किया आसन, प्राणायाम, ध्यान
देवास। (दिनेश सांखला)। मक्सी रोड पर तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शीलनाथ सद्गुरु भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम चौहान थे। विशेष अतिथि पार्षद बाबू यादव, सर्वसमाज जनसंगठन लोकसभा अध्यक्ष प्रमोद डोंगलिया, भाजपा मंडल महामंत्री अजय पहाड़िया थे।
योगाचार्य सोनाली यादव एवं अपूर्वा मिश्रा ने बच्चों को आसन, प्राणायाम, ध्यान व योग का प्रशिक्षण दिया। विभिन्न प्रकार के योग, प्राणायाम व आसन कर बच्चों को इससे होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से समझाया और प्रतिदिन योग करने की बात कही। बहनों ने अतिथियों का मंगल तिलक कर सत्कार किया।
अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव एवं प्राचार्य वीएस जॉब ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव ने योग दिवस के विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व योग दिवस मनाने हेतु प्रस्ताव रखा। इसमें 193 में से 177 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ। जहां संयुक्त राष्ट्र महासभा ने योग दिवस मनाने की मंजूरी दी। आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है।

श्री सेंधव ने आगे कहा कि उत्तरी गोलार्ध में साल का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे ग्रीष्म संक्रांति के नाम से जाना जाता है। इस दिन सूर्य की किरणें सबसे ज्यादा समय तक धरती पर पड़ती है। ज्योतिष और अध्यात्म की दृष्टि से इस दिन का खास महत्व है। साथ ही मान्यता है कि इसी दिन आदियोगी भगवान शिव ने अपने शिष्यों को योग का ज्ञान देना शुरु किया था। इसीलिए यह दिन योग का उद्गम भी कहलाता है।
अतिथि परिचय तथा कार्यक्रम का संचालन दिनेश सांखला ने किया। आभार प्राचार्य जॉब ने माना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्कूली स्टाफ उपस्थित था।




