– पूर्व सीएमओ सविता सोनी का डिकेन स्थानांतरण, कोरोना काल में दे चुकी हैं सेवा
भौंरासा (मनोज शुक्ला)। प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा मंगलवार को जारी किए गए स्थानांतरण आदेश के तहत भौंरासा नगर परिषद की मुख्य नगर परिषद अधिकारी (सीएमओ) सविता सोनी का स्थानांतरण नीमच जिले की नगर परिषद डिकेन में किया गया है। उनके स्थान पर डिकेन में पदस्थ सीएमओ प्रमिला ठाकुर को भौंरासा नगर परिषद में पदस्थ किया गया है।
श्रीमती ठाकुर इस पद के लिए कोई नया चेहरा नहीं हैं। वे पूर्व में भी फरवरी 2018 से 4 जून 2020 तक भौंरासा नगर परिषद में सीएमओ के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं। विशेष रूप से कोरोना काल के दौरान उनके कार्यों को नगरवासियों ने सराहा था। उस चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने संक्रमण नियंत्रण, सफाई व्यवस्थाओं और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
नगर परिषद में दोबारा उनकी नियुक्ति से नगरवासियों को बेहतर प्रशासनिक कार्यों की अपेक्षा है। स्थानीय नागरिकों और पार्षदों ने भी उनके पुनः आगमन पर संतोष जताते हुए नगर की प्रगति में सकारात्मक भूमिका की उम्मीद जताई है।
बताया जा रहा है कि शीघ्र ही वे अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी। वहीं निवर्तमान सीएमओ सविता सोनी द्वारा भी अपने कार्यकाल में प्रशासनिक कार्यों को कुशलता से निभाया गया।
