देवासशिक्षा

सामर्थ्य प्रदर्शन कर दिव्यांग बच्चों ने जीते पुरस्कार

देवास। जनपद शिक्षा केंद्र द्वारा विकासखंड स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में 50 से अधिक दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने सम्मिलित होकर 100 मीटर दौड़, चेयर रेस, रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेकर पुरस्कार जीते।

क्लस्टर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर सहज सरकार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी वार्षिक खेलकूद कैलेंडर अनुसार दिव्यांग छात्र, छात्राओं के सामर्थ्य को निखारने एवं सामान्य बच्चों के समान ही वे अपनी भावनाओं को व्यक्त कर सकें एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले सकें, इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु देवास विकासखंड में गुरुवार को प्रातः 10 बजे से स्थानीय शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 3 में विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में देवास विकासखंड में संचालित शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक राजेंद्र सक्सेना द्वारा किया गया। शासकीय प्राथमिक अनवटपुरा, प्राथमिक विद्यालय बिलावली, प्राथमिक विद्यालय उर्दू क्रमांक 5, माध्यमिक विद्यालय सिंधी क्रमांक 4, नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल देवास आदि विद्यालय के बच्चों ने प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर सभी को रोमांचित किया। कक्षा दूसरी की छात्रा दिव्या ने नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मास्टर दीपांशु ने चेयर रेस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंजना ने चित्रकला प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी बच्चों को जनपद शिक्षा केंद्र देवास द्वारा शिक्षण सामग्री एवं स्कूल बैग पुरस्कार स्वरूप दिए गए। प्रतियोगिता उपरांत दोपहर में सभी बच्चों को स्वरुचि भोज कराया गया। बच्चों एवं उनके पालकों ने भोजन का आनंद लेते हुए कार्यक्रम की प्रशंसा की। कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राधाबाई संकुल से स्काउट एंड गाइड की टीम का सराहनीय सहयोग रहा।

क्लस्टर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर निसार खान, संजय कारपेंटर, वर्षासिंह नेगी, अनिल पंडित, खेल प्रशिक्षक हेमेंद्र निगम, सुनील चौधरी, विजय वर्मा, पंकज वर्मा, सरिता मालवीय, ब्लॉक एकेडमिक कोऑर्डिनेटर गिरीश चौरे, सारिका किंकर, सुरेश आचार्य, सुजीत हलधर, सुमित्रा परमार, एरिका इक्का, कपिल चौधरी, कंचन डोडवे, जिला शिक्षा केंद्र देवास एपीसी रेणु गुप्ता, विकास महाजन की विशेष उपस्थिति आयोजन के दौरान रही। कार्यक्रम का संचालन सहज सरकार ने किया। आभार देवास विकासखंड स्त्रोत समन्वयक किशोर वर्मा ने माना।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button