देवास की जल समस्या का हुआ निराकरण, पूर्व अनुसार 4 से 5 दिनों में होने लगेगा जल वितरण

– विधायक गायत्री राजे पवार ने की उच्च अधिकारियों से चर्चा
देवास। देवास शहर में जल समस्या के निराकरण के लिए विधायक ने बड़ा कदम उठाया है। शहरवासियों के लिए राहत की खबर है कि जल्द ही जल वितरण व्यवस्था में सुधार होने जा रहा है।
इस संबंध में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को विधायक गायत्री राजे पवार ने देवास कलेक्टर के साथ कलेक्टर इंदौर एवं एनवीडीए (नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण) के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
विधायक श्रीमंत पवार द्वारा की गई चर्चा के अनुसार, देवास को प्रतिदिन लगभग 15 घंटे तक 6500 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा की दर से और शेष 8 से 9 घंटे तक 5000 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा की दर से नर्मदा का पानी शीघ्र ही उपलब्ध कराया जाएगा। तीन से चार दिनों में डेम लेवल का पानी उपलब्ध हो जाएगा, जिससे जल वितरण की व्यवस्था में शीघ्र सुधार होगा और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित कर पूर्व अनुसार जल वितरण किया जाएगा।
चर्चा में यह भी निर्णय लिया गया कि कंपनी क्षेत्र के आसपास बसे ग्रामीण इलाकों को भी प्रतिदिन सुबह 5 घंटे और रात में 4 से 5 घंटे तक 1000 से 1500 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा के प्रेशर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के तहत एनवीडीए की ओर से लगातार 24 घंटे पानी की आपूर्ति की जाएगी, जिससे जल वितरण व्यवस्था चार से पांच दिनों में पूरी तरह सुधार की ओर अग्रसर होगी।
महापौर श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि विधायक श्रीमंत पवार के इन प्रयासों के चलते, अगले चार से पांच दिनों में डेम में पानी की उपलब्धता 491 मीटर लेवल के करीब पहुंचने पर शहर को पूर्व की तरह जल वितरण किया जाएगा। अनुमान है कि आगामी चार से पांच दिनों में शहर में पानी आपूर्ति की व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।




