खेत-खलियान

कृषि उपज मंडी में 28 मार्च से 1 अप्रैल तक नहीं होगी अनाज की नीलामी

Share

 

देवास। कृषि उपज मंडी में 28 मार्च से 1 अप्रैल तक सभी प्रकार के अनाज की नीलामी बंद रहेगी। इन दिनों विभिन्न धार्मिक एवं प्रशासनिक कारणों से मंडी में अवकाश रहेगा। हालांकि, इस दौरान फल-सब्जी मंडी में खरीद-फरोख्त जारी रहेगी।

इन कारणों से बंद रहेगी नीलामी-
– 28 मार्च को रमज़ान माह का बड़ा रोज़ा होने के कारण।
– 29 मार्च को अमावस्या का अवकाश।
– 30 मार्च को रविवार का अवकाश।
– 31 मार्च को ईद-उल-फितर का शासकीय अवकाश।
– 1 अप्रैल को बैंक लेखाबंदी के कारण।

मंडी में गेहूं की बंपर आवक-
इन दिनों मंडी में गेहूं की बंपर आवक हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने आ रहे हैं। हालांकि, आगामी अवकाश के कारण मंडी में नीलामी नहीं होगी, लेकिन किसानों की सुविधा के लिए मंडी प्रशासन ने ऑनलाइन सौदा पत्रक के माध्यम से व्यापार जारी रखने की वैकल्पिक व्यवस्था की है।

मंडी सचिव राजेश साकेत ने बताया कि एम.पी. फार्म गेट ऐप के जरिए किसान अपनी उपज का ऑनलाइन क्रय-विक्रय कर सकते हैं। इससे उन्हें मंडी में आने की आवश्यकता नहीं होगी और वे अपनी उपज का सौदा घर बैठे कर सकते हैं।

मंडी सचिव ने किसानों से अपील करते हुए कहा, कि कृषक बंधु मंडी अवकाश के दौरान अपनी उपज न लाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिन किसानों को अपनी फसल बेचना हो, वे एम.पी. फार्म गेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सौदा कर सकते हैं। मंडी प्रशासन किसानों के हित में हरसंभव प्रयास कर रहा है।

Back to top button