नगर निगम

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी तेज, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

Share

 

अगले दो माह में हर स्तर पर दिखे धरातली बदलाव, देवास को स्वच्छता में दिलाना है नई पहचान

देवास। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने निगम सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर स्वच्छता कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मैदान में उतरकर स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों को हर हाल में पूर्ण करें।

आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर उसका असर साफ दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की हर गली, हर मोहल्ला और हर सार्वजनिक स्थान स्वच्छता का उदाहरण बने।

इन बिंदुओं पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक में आयुक्त ने स्वच्छता से जुड़े सभी प्रमुख कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिनमें शामिल हैं-

  • नियमित एवं रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था
  • नाली-नालों की सतत सफाई
  • सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई
  • ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (Solid & Liquid Waste Management)
  • कचरा संग्रहण गाड़ियों का समयबद्ध एवं सही संचालन
  • कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान

उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वच्छता रैंकिंग को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से संचालित हों।

नई गाइडलाइन में जुड़े अहम मापदंड

आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की नई गाइडलाइन में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को जोड़ा गया है, जिन पर विशेष कार्य करना होगा। इनमें-

  • एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI)
  • नागरिकों से फीडबैक
  • पर्यटन स्थलों की विशेष सफाई एवं सौंदर्यीकरण
  • स्कूलों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम
  • सीएनडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस कचरा) का प्रभावी प्रबंधन

नागरिकों की भागीदारी इस सर्वेक्षण की सफलता की कुंजी है। जब तक आमजन स्वच्छता अभियान से नहीं जुड़ेगा, तब तक अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सकते।

बैठक में निगम उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, उपायुक्त वित्त दीपक पटेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री जगदीश वर्मा, सौरभ त्रिपाठी, सहायक यंत्री दिनेश चौहान, उपयंत्री विजय जाधव, श्याम सुंदर रघुवंशी, राजेश कौशल, पलक श्रीवास्तव, स्वच्छ भारत मिशन से विश्वजीतसिंह, अरुण तोमर, स्वच्छता निरीक्षक भूषण पवार, रवि गोयनार, हेमंत उबनारे, हरेंद्रसिंह ठाकुर, ओमप्रकाश पथरोड़ व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button