महिला सशक्तिकरण को समर्पित “हमारे बढ़ते कदम” संस्था ने किया महिलाओं का सम्मान

देवास। महिला सशक्तिकरण और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से हमारे बढ़ते कदम चाइल्ड एंड वूमेन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल उपस्थित थीं। डीएसपी बबीता बामनिया, थाना प्रभारी नाहर दरवाजा थाना मंजू यादव, जीडीसी कॉलेज की प्रोफेसर समीरा नईम, लायंस क्लब गोल्ड अध्यक्ष हिना राठौर, वन स्टाप सेंटर अधिकारी गीता ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

संस्था सदस्यों ने सर्वप्रथम कन्या पूजन किया। कन्या पूजन के बाद कार्यक्रम शुरू हुआ। शुरुआत में सफाईकर्मी कृष्णा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया, जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम से समाज को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में योगदान दिया है। कहा कि इन सफाई कर्मियों की मेहनत से ही आज हम स्वच्छ हवा में सांस ले पाते हैं। इनके योगदान को नहीं भूलना चाहिए।
संस्था का बताया उद्देश्य-
कार्यक्रम में संस्था की संस्थापक मोना मालवीय ने बताया कि हमारे बढ़ते कदम संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब महिलाओं और बच्चों को निशुल्क स्किल डेवलपमेंट एवं एजुकेशन की ट्रेनिंग देना है। इसके अलावा, लड़कियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देना, वृक्षारोपण अभियान चलाना और समाज कल्याण से जुड़ी अन्य गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।

समाज के लिए प्रेरणादायी पहल-
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश देता है, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। संस्था की यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करती है।
प्रतिभाओं को मंच देने के लिए आयोजित की प्रतियोगिता-
महिलाओं के हुनर को पहचान देने के लिए प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपने टैलेंट का प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई। इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में सुनीता जायसवाल, कुणाल सर और गार्गी चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसमें बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। आयोजन में संस्थापक मोना मालवीय, और हमारे बढ़ते कदम संस्था की टीम का विशेष योगदान रहा।



