धर्म-अध्यात्म

कात्यायनी देवी मंदिर पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, प्रतिदिन हो रहा हवन-पूजन

तुलादान के बाद देर रात तक चल रहा गरबा-डांडिया

Share

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। यहां स्थित कात्यायनी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह-शाम आरती-पूजन के साथ प्रतिदिन हवन भी किया जा रहा है।

नवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिर में आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं नवयुवक गरबा मंडल समिति द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव पूरे शबाब पर है। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

समिति द्वारा इस वर्ष गरबा पंडाल को अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पंडाल में ताड़ के पेड़, चार पत्ती क्लोवर, क्यूब और गोल आकृतियों की आधुनिक एलईडी लाइटिंग, झालर और रंग-बिरंगी लाइटों से भव्य सजावट की गई है, जो रात में देखते ही बनती है और मुख्य आकर्षण बनी हुई है।

रोजाना सायंकाल माता जी की महाआरती के बाद तुलादान और फिर गरबा-डांडिया का दौर शुरू होता है, जो देर रात तक चलता है। बीती रात बड़ी संख्या में तुलादान हुए। श्रद्धालु मुकेश महाराज, गंगाराम बागवान, सुरेश चंद्रवंशी, चुन्नीलाल बागवान आदि ने अपने पोता-पोती का तुलादान किया।

तुलादान के बाद बड़ी संख्या में युवतियों ने लाल रंग की पारंपरिक वेशभूषा में गरबा नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। डीजे की धुनों पर श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आए।

समिति की ओर से पूर्व सरपंच रामचंद्र दांगी, केदार पाटीदार, माखन दांगी, प्रहलाद गिर गोस्वामी, गिरधारी बागवान, हरिनारायण बागवान आदि द्वारा स्वागत बैनर लगाकर सभी समाजजनों का हार्दिक स्वागत-अभिनंदन किया जा रहा है। गरबा स्थल पर अनुशासन, सुरक्षा और परंपरा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

Back to top button