भारतीय किसान संघ का 14वां अखिल भारतीय अधिवेशन 21 से 23 फरवरी तक गुजरात में

– किसान संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी का होगा निर्वाचन
– चार हजार से अधिक किसान प्रतिनिधि होंगे शामिल
भमौरी (देवास)। भारतीय किसान संघ का 14वां अखिल भारतीय अधिवेशन गुजरात के पालनपुर में 21, 22 व 23 फरवरी को आयोजित हो रहा है।
इसमें देशभर के 600 से अधिक जिलों के भारतीय किसान संघ के जिला स्तर से लेकर प्रांत व प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता शामिल होगें।
उक्त आशय की जानकारी देते हुये भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने बताया कि गुजरात के पालनपुर में देशभर से लगभग चार हजार किसान प्रतिनिधि आ रहे हैं। जिनकी उपस्थिति में कृषि, किसान, संगठन के रचनात्मक, संगठनात्मक, आंदोलनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।
श्री मिश्र ने बताया कि भारतीय किसान संघ के देशव्यापी सदस्यता अभियान के उपरांत ग्राम समिति से प्रांरभ निर्वाचन की प्रक्रिया, तहसील, जिला, प्रांत व प्रदेश में संपन्न हो चुकी है। देशभर से आये किसान संघ के प्रतिनिधि लोकतांत्रिक प्रकिया से अखिल भारतीय कार्यकारिणी का निर्वाचन करेंगे।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि होंगे नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी-
किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अधिवेशन के प्रथम दिन 21 फ़रवरी को उद्घाटन सत्र में नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
किसान संघ का निर्वाचन कार्यक्रम घोषित–
देश के सबसे बड़े किसान संगठन भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष, महामंत्री व कार्यकारिणी के निर्वाचन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिसमें अखिल भारतीय अध्यक्ष व महामंत्री के लिये निर्वाचन के परिणाम की घोषणा की जायेगी। 23 फरवरी को दोपहर 2 बजे अखिवेशन में प्रबंधकार्यकारिणी की घोषणा की जायेगी।



