स्वच्छता सर्वेक्षण 2024: उद्यानों में सफाई व सुविधाओं को लेकर नगर निगम सख्त

देवास। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के अंतर्गत नगर निगम ने अब उद्यानों की सफाई और व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया है। आयुक्त रजनीश कसेरा के निर्देशानुसार मंगलवार को निगम के बैठक हॉल में स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा उद्यान विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी उपयंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यानों की मौजूदा स्थिति, आवश्यक सुधार और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन नोडल अधिकारी सौरभ त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उद्यानों का निरीक्षण कर जल्द से जल्द आवश्यक तैयारियों को पूरा करें। निरीक्षण के दौरान यदि उद्यानों में कचरा दिखाई दे तो संबंधित दस्तावेजों के आधार पर स्पॉट फाइन किया जाए। इसके लिए स्वच्छता निरीक्षक और दरोगा को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नगर निगम उद्यानों की नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण को लेकर गंभीर है। आयुक्त कसेरा ने साफ शब्दों में निर्देश दिए, कि सभी गार्डन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जाए, ताकि देवास स्वच्छता रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन कर सके।
गार्डन में सुधार के मुख्य बिंदु:
- गार्डन के आसपास गड्ढे मुक्त सड़कें सुनिश्चित की जाएं।
- लीटर बिन (कचरा पात्र) और थ्री आर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) आइटम उपलब्ध हों।
- पेवर ब्लॉक अच्छी स्थिति में हों और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त हो।
- उद्यानों में हरियाली (ग्रीनरी) को बढ़ावा दिया जाए।
- निर्माण एवं विध्वंस (C&D)कचरा उद्यान परिसर में न हो।
- लोकल आर्ट पेंटिंग और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जाए।
- उद्यानों और उनके आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो।




