16 दिसंबर को होगा विधानसभा का घेराव- महेश परमार
देवास। 16 दिसंबर को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में एवं वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 1 वर्ष पूरे होने पर 50 हजार कांग्रेसजनों द्वारा विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
उक्त बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विधायक, प्रभारी महेश परमार ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। श्री परमार ने कहा कि आज प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में भू माफिया, जुआ, सट्टा, शराब, अवैध काम करने वाले वाले लोग फलफूल रहे हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार किसानों के साथ धोखा कर रही है।
कहा था कि किसानों की आय दो गुना करेंगे, खेती को लाभ का धंधा बनाएंगे, जबकि किसान को आज उसकी फसल का उचित मूल्य ही नहीं मिल रहा है। युवाओं को रोजगार की बात कही गई लेकिन रोजगार का कोई पुख्ता प्रबंध सरकार नहीं कर पाई। कानूनी व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश अपराधियों की शरण स्थली बना हुआ है। महंगाई की बात करें तो सरकार का महंगाई पर नियंत्रण नहीं है। चुनाव में भाजपा ने लोगों से बड़े-बड़े वादे किए लेकिन उन वादों को पूरा करने में सरकार पूरी तरह से असफल हुई है।
इसी के साथ श्री परमार ने कहा कि जनहित के मुद्दों और जनता की आवाज बुलंद करने को लेकर 16 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विधानसभा घेराव होगा। प्रदेश की भाजपा सरकार में गरीब और मध्यवर्गीय हर स्तर पर समस्याओं से जूझ रहा है।
श्री परमार कहा कि 1 वर्ष में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास को क्या सौगात दी या आपके जनप्रतिनिधि क्या सौगात दिला पाए। यह सब आपके सामने है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हम आंदोलन कर रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा देवास शहर एवं जिले से हजारों कार्यकर्ता भोपाल जाएंगे और आंदोलन में भाग लेंगे।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल, पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर, रेखा वर्मा, भगवानसिंह चावड़ा, प्रदीप चौधरी, शौकत हुसैन, सुधीर शर्मा, प्रमोद सुमन, कल्याण सिंह पवार, इम्तियाज शेख भल्लू, पंकज वर्मा, संतोष मोदी, डॉ. रितेश शर्मा राधाकिशन सोलंकी उपस्थित थे।