प्रशासनिक

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने किया स्थलों का निरीक्षण

Share

 

देवास। शहर के सुनियोजित विकास को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।

नगर निगम आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कलेक्टर ने देवास के विभिन्न इलाकों में स्थित नजूल एवं शासकीय भूमि का जायजा लिया और भावी योजनाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने मीठा तालाब के सौंदर्यीकरण, स्लॉटर हाउस हेतु भूमि चयन तथा आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए चाट-चौपाटी सहित अन्य जनसुविधा आधारित कार्यों के लिए उपयुक्त स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने पठान कुआं, रेवा बाग, नुसरत नगर, मीठा तालाब सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर मौके की स्थिति देखी और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित स्थलों पर विकास कार्य इस तरह किए जाएं, जिससे आमजन को अधिकतम सुविधा मिले और शहर की सुंदरता व व्यवस्थाएं और बेहतर हों। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, एसडीएम देवास आनंद मालवीय, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शर्मा, तहसीलदार सपना शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button