शातिर बाइक चोर पर पुलिस का शिकंजा

6 बाइक बरामद, बाइक की खरीद फरोख्त करने वाले भी गिरफ्तार
देवास। लगातार हो रही वाहन चोरी पर नकेल कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई के तहत चोरी की गई 6 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं और चोरी व खरीद-फरोख्त में शामिल 3 आरोपियों को दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा लगातार चोरी हो रहे वाहनों का पता लगाकर उन्हें जब्त कर उक्त गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में 2 सितंबर को मीठा तालाब स्थित पंचवटी क्षेत्र से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी सोहन गोहिल उर्फ गोलू दरबार उम्र 32 साल निवासी ग्राम एनाबाद थाना पीपलरावां को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटर साइकिल बरामद कर धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायालय से पीआर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने 6 अन्य वाहन जिसमें 2 मोटर साइकिल उज्जैन से, 2 मोटर साइकिल शाजापुर से एवं 2 मोटर साइकिल देवास से चोरी करना बताया। चोरी की गई 3 मोटर साइकिलों को अपने परिचित को बेचना एवं 3 वाहनों को ग्राम भटुनी जिला उज्जैन के पास नाले में छुपाकर रखना बताया। इस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा मंजू यादव के नेतृत्व में आरोपी सोहन द्वारा बताए गए स्थानों से 6 चोरी के दोपहिया वाहन जब्त किए गए। साथ ही चोरी के वाहनों को खरीदने वाले 2 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपीः
– सोहन गोहिल उर्फ गोलू दरबार उम्र 32 साल निवासी ग्राम एनाबाद थाना पीपलरावां जिला देवास।
– जयसिंह सारोलिया उम्र 27 साल निवासी रानायर जश्मिया थाना टोंकखुर्द जिला देवास।
– लक्ष्मीनारायण उर्फ लच्छू खंडेलवाल उम्र 35 साल निवासी तुलजा विहार कॉलोनी थाना बीएनपी जिला देवास।
सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी नाहर दरवाजा निरीक्षक श्रीमती यादव, प्रआर वासुदेव, भगवानसिंह, नितेश द्विवेदी, आर नवदीप, विकास, विशाल की सराहनीय भूमिका रही।




