नगर निगम

कचरा फेंकने पर हिंद फिल्टर प्रालि पर कार्रवाई

– नगर निगम ने लगाया न्यायालय में प्रकरण

देवास। शहर में कचरा फेंकने व गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की टीम सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इनकी गोपनीय रूप से जानकारी जुटाकर जुर्माना वसूला जा रहा है। जो जुर्माना जमा नहीं कर रहे हैं, उनके प्रकरणों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। शनिवार को एक फैक्टरी पर इसी प्रकार की कार्रवाई नगर निगम की टीम ने की। फैक्टरी प्रबंधन द्वारा बड़ी मात्रा में कचरा फेंका जा रहा था।

नगर निगम द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कई जगह पर कचरा फेंका जा रहा है। कचरा फेंकने वालों में कुछ फैक्टरियां भी शामिल हैं। हिंद फिल्टर प्रालि से निकलने वाले कचरे को फैक्टरी सीमा से लगभग तीन-चार किमी दूर बालगढ़ चौराहा से भोलेनाथ मंदिर के पास बनी नाले की पुलिया के बीच कचरा फेंकने की जानकारी मिली थी। शनिवार को भी यहां आटो से कचरा फेंका गया था।

इस दौरान निगम स्वच्छता निरीक्षक रविकृष्ण गोयनार निरीक्षण के लिए निकले। उन्होंने बड़ी मात्रा में कचरा नजर आने पर उसकी जांच की और जानकारी जुटाई। इसके बाद नगर निगम की टीम के साथ उन्होंने फैक्टरी पहुंचकर जानकारी ली। फैक्टरी प्रबंधन को चालानी कार्रवाई में जुर्माना जमा करने के लिए कहा, लेकिन प्रबंधन ने किसी तरह से संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। फैक्टरी प्रबंधन की ओर से कचरा संग्रहण शुल्क भी जमा नहीं किया गया। ऐसे में प्रकरण को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

स्वच्छता निरीक्षक श्री गोयनार ने शहरवासियों से कचरा संग्रहण वाहनों में ही कचरा डालने के लिए अपील की है। साथ ही कहा कि निगम की टीम निरंतर भ्रमण कर जानकारी ले रही है, जो भी कचरा फेंक रहा है, उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रही है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button