प्रतापनगर व अन्य स्थानों पर दबिश, हजारों रुपए की अवैध शराब जब्त

– शराब माफियाओं पर आबकारी विभाग का शिकंजा
देवास। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की लगातार सख्त कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जिलेभर में नियमित दबिश और धरपकड़ से उनके मंसूबों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। विभाग की सक्रियता के चलते अवैध निर्माण, संग्रहण व बिक्री में लिप्त लोगों के हौसले पस्त हैं और कार्रवाई का सिलसिला थमने वाला नहीं है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में आबकारी देवास द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।

7 जुलाई को आबकारी वृत्त देवास ब में देवास के प्रताप नगर एवं शहर में गश्त कर कार्रवाई की गई, जिसमे जमीन में गड़े लहान को नष्ट किया गया।

कार्रवाई में 20 पाव देशी शराब प्लेन, 10 लीटर हाथ भट्टी शराब एवं 900 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। कुल 3 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत दर्ज किए गए। जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 93 हजार 500 रुपए है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक राजाराम रैकवार, आरक्षक अरविंद जिनवाल, आशीष, सैनिक किशोर, अनिल चौहान, अनिल सम्मिलित रहे। इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




