छठ पूजा: रविवार को देंगे डूबते हुए भगवान सूर्य देव को अर्घ्य
खरना पूजा के बाद व्रतधारियों ने 36 घंटे निर्जला उपवास प्रारम्भ किया

देवास। पूर्वोत्तर भारतीय समाज के द्वारा बनाए जाने वाले सूर्य आराधना छठ महापर्व में आज खरना पूजा विधिवत पूजन अर्चन कर संपन्न की गई।
पूर्वोत्तर भारतीय समाज समिति के अध्यक्ष प्रकाशसिंह एडवोकेट ने बताया कि खरना पूजा में सूर्य महोत्सव के छठ महापर्व में दूसरे दिन खरना पूजा के परिपालन में व्रत करने वाले परिवार द्वारा विधिवत उपवास रखकर पृथक चूल्हा जो मिट्टी का बनाकर, नया चूल्हा खरीदकर या अलग से ईंट रखकर चूल्हा बनाकर लकड़ी जलावन का उपयोग कर गाय के दूध में गुड़ या गन्ने के रस और चावल से मिश्रित खीर और रोटी बनाकर, विधिवत हवन पूजन कर भगवान का भोग लगाकर खरना पूजा संपन्न की गई।
सर्वप्रथम व्रत करने वाले परिवार में व्रती महिलाएं और व्रत करने वाले पुरुष के द्वारा उक्त प्रसाद को पूजन अर्चन के पश्चात ग्रहण किया गया और उसके पश्चात घर परिवार, समाज, दोस्त जो उनके घर में उपस्थित हुए थे उन्हें उक्त प्रसाद को ग्रहण कराया गया।
प्रकाशसिंह एडवोकेट ने बताया कि खरना पूजा छठ महोत्सव के दूसरे दिन घर में ही संपादित होती है और इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो जाएगा जिसमें व्रत करने वाले लोगों के द्वारा बिना खाए पिए और बिना पानी का एक बूंद भी ग्रहण किए छठ मैया के गीत गाते हुए विधिवत रूप से छठ महापर्व संपादित किया जाएगा। 15 नवंबर को शाम को अस्त होते हुए भगवान सूर्य देव की आराधना करते हुए डूबते हुए भगवान सूर्य देव को दूध पानी से अर्ध्य दिया जाएगा।
इसके साथ ही जिस सूप, ढाका में वह पूजन सामग्री ठेकुआ, फल फूल, ड्राईफूड, गन्ना आदि पूजन की वस्तुएं लेकर आए हैं, उन्हें भगवान सूर्य देव को अर्घ्य के समय विधिवत रूप से दूध जल से अर्घ्य देकर पूजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि खरना पूजा के पश्चात व्रत करने वाले लोगों के द्वारा निर्जला उपवास रखकर पूजा में उपयोग आने वाले ठेकुआ प्रसाद जिसे व्रत के दौरान ही धोकर सुखाकर, आटा पिसवाकर बनाए उक्त आटे से बनाया गया है। विधिवत रूप से पवित्र ढंग से उक्त ठेकुआ प्रसाद को बनाया जाता है जिसमें गेहूं को सुखाते समय उसे कोई चिड़िया चोंच ना मार दे या गिलहरी ना खा ले इस हेतु विधिवत निगरानी रखकर सुखाया जाता है। भगवान सूर्य देव को अर्घ्य देते समय उक्त प्रसाद झूठा ना हो जाए या इसका कोई व्यक्ति उठाकर या कोई बच्चा ग्रहण न कर ले इस हेतु विधिवत सतर्कता से निगरानी रखी जाती है। ऐसा माना जाता है कि भगवान सूर्य देव को अर्पित किए जाने वाले इस प्रसाद को कोई व्यक्ति या जानवर झूठा ना कर दे।
उल्लेखनीय है कि भगवान सूर्य देव को शाम को अर्ध्य के पश्चात भी उक्त प्रसाद को ग्रहण नहीं किया जाता है बल्कि दूसरे दिन उगते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देने के पश्चात ही उक्त पूजन संपन्न होने के पश्चात उक्त प्रसाद को ग्रहण किया जाएगा। छठ महापर्व के खरना पूजा में सभी घरों में जिन घरों में पूजा अर्चन की जाती है अपने घर में विधिवत खरना पूजा संपादित की गई।
इस अवसर पर प्रकाशसिंह एडवोकेट अध्यक्ष, सचिव अशोक सिंह, उपाध्यक्ष विद्याधर तिवारी, सोनू कुशवाह, नवनीत वर्मा, विनीता किशोर, नीतू सिंह, गुड़िया सिंह, रितु बाला, विजय प्रताप सिंह, प्राची सिंह, खुशी सिंह, संजय सिंह, विकास सिंह, रजत तिवारी, प्रतिभा देवी, पुतली देवी, रीता तिवारी बालगढ़ आदि परिवार सहित उपस्थित थे।
आज से प्रारंभ हो रहे 36 घंटे निर्जला उपवास में व्रत करने वाले लोगों के द्वारा कोई वस्तु फल फूल ग्रहण नहीं किया जाएगा, यहां तक की पानी भी नहीं पिया जाएगा तथा 36 घंटे तक बिना कुछ खाए पिए उपवास रखकर भजन पूजन अर्चन करते हुए छठी मैया का व्रत संपादित किया जाएगा। शिप्रा नदी का मंदिर के पास का बड़ा कुंड भी पूरी साफ-सफाई के बाद पुर्ण रुप से पंचायत द्वारा बोरिंग का पानी भरकर तैयार हो गया है। समिति के द्वारा मुख्य आयोजन शिप्रा नदी तट पर किया जा रहा है।




