3 दिनी बैंक हड़ताल से पहले रविवार को खुली रहेंगी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक की शाखाएं

देवास। देशभर में 28 सितंबर से 3 दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। आम नागरिकों एवं उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए रविवार यानी 27 सितंबर को जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि रविवार को उपभोक्ता अपने आवश्यक लेन-देन व अन्य बैंकिंग कार्य निर्बाध रूप से पूर्ण कर सकेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अति आवश्यक लेन-देन 27 सितम्बर (रविवार) को पूर्ण कर सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि नकदी की पर्याप्त व्यवस्था रखें और आवश्यकतानुसार एटीएम का उपयोग करें।
हड़ताल अवधि के दौरान उपभोक्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उपभोक्ता यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस, एनईएफटी, नेट बैंकिंग व मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं और नजदीकी बिजनेस करेस्पॉन्डेंट केंद्रों का अधिकतम उपयोग कर सकेंगे।




