राज्यशिक्षा

महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के रूप में मनाई जाएगी गुरु पूर्णिमा, प्रदेशभर के स्कूल-कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम

Share

 

 

देवास। मध्यप्रदेश में इस वर्ष 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा का पर्व महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के रूप में पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने परिपत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आयोजन का उद्देश्य भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाना तथा महर्षि सांदीपनि के जीवन और आदर्शों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।

स्कूल-कॉलेजों में होंगे सांस्कृतिक और प्रेरक कार्यक्रम
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक कॉलेजों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में माँ सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का स्वागत एवं सम्मान, व्याख्यान, प्रेरक उद्बोधन, छात्र-शिक्षक संवाद सहित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

102 मेधावी विद्यार्थियों को 1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति
संस्कृति विभाग द्वारा महर्षि सांदीपनि के जीवन पर आधारित ई-एल्बम, बुकलेट और मानक चित्र उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, संस्कृति विभाग एवं श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल भगवान श्रीकृष्ण की 64 कलाओं और 14 विद्याओं पर आधारित ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना’ की रूपरेखा तैयार करेंगे। इसके तहत प्रदेश के 102 मेधावी छात्र-छात्राओं (51 स्कूल और 51 कॉलेज/विश्वविद्यालय स्तर) को एकमुश्त 1 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

गुरु के सम्मान में पौधारोपण और स्वास्थ्य शिविर
आमजन को अपने शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक गुरुजनों के सम्मान में उनके नाम से छात्रवृत्ति, पदक और पुरस्कार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही गुरु के नाम पर पौधारोपण, स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनहितकारी गतिविधियों के आयोजन के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

जनभागीदारी से होगा आयोजन
महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के सभी कार्यक्रमों में स्थानीय संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों के फोटोग्राफ, वीडियो और समाचार पत्रों की प्रतियां आयोजन के बाद संस्कृति विभाग अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, भोपाल को ई-मेल के माध्यम से भेजने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

Back to top button