देवासराजनीति

जीतू पटवारी की साइकिल रैली में जेबकतरे ने कांग्रेस नेता की जेब से उड़ाए 25 हजार रुपए

Share

 

 

नीट में कथित धांधली के विरोध में निकली ‘युवा स्वाभिमान सायक्लोथान’ के स्वागत के दौरान हुई घटना

एक अन्य कार्यकर्ता के भी 5,500 रुपये चोरी होने का दावा, भीड़भाड़ वाले आयोजनों में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

देवास। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की ‘युवा स्वाभिमान सायक्लोथान’ मंगलवार को देवास पहुंची, जहां स्वागत के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जेब को निशाना बना लिया। एक नेता के 25 हजार रुपये और दूसरे कार्यकर्ता के 5,500 रुपये चुरा लिए। घटना के बाद रैली में जेबकतरों की चर्चा होती रही।

कांग्रेस द्वारा नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और शिक्षा के बढ़ते व्यावसायीकरण के आरोपों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर से भोपाल तक ‘युवा स्वाभिमान सायक्लोथान’ निकाल रहे हैं। इसी क्रम में रैली देवास पहुंची, जहां रसूलपुर चौराहा, कैलादेवी चौराहा, सयाजी द्वार, विकास नगर चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इसी दौरान विकास नगर चौराहे पर भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात जेबकतरों ने कांग्रेस नेता चन्द्रपाल सिंह सोलंकी ‘छोटू’ की जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया। चन्द्रपाल सिंह ने बताया कि चोरी हुए रुपये उनकी मेडिक्लेम पॉलिसी की प्रीमियम जमा करने के लिए रखे थे। घटना के बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन रुपये नहीं मिले।

रैली में शामिल एक अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी दावा किया कि उसकी जेब से 5,500 रुपये चोरी हो गए। इस घटना के बाद रैली में जेबकतरों की चर्चा होती रही और लोगों ने भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सतर्क रहने की बात कही।

गौरतलब है कि देवास में राजनीतिक रैलियों, आमसभाओं और अन्य बड़े सार्वजनिक आयोजनों के दौरान जेबकटी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय जेबकतरे ऐसे आयोजनों को अक्सर निशाना बनाते हैं।

Back to top button