देवास

गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

Share

 

देवास। संस्था युवा राधे द्वारा चलाए जा रहे ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं उपचार को लेकर रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग करते हुए गोवंश की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

दूध के लिए नहीं के दुख दूर करने के लिए होती है गोमाता 

गवली मोहल्ला स्थित राधा कृष्ण मंदिर से संस्था के सभी सदस्यों ने रैली शुरू की और गो माता को साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि घायल एवं निराश्रित गोवंश के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित गोशालाओं की व्यवस्था की जाए। साथ ही शासकीय पशु चिकित्सालयों में उपचार की समुचित सुविधा, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गोवंश के त्वरित उपचार के लिए विशेष गो एंबुलेंस सेवा प्रारंभ करने की भी मांग की गई।

इसके अलावा गोवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाने तथा गो संरक्षण के लिए प्रभावी नीतियां लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रहीं। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण के लिए समाज और शासन दोनों को मिलकर ठोस एवं प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता है। ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की गई।

Back to top button