कुत्ते के काटने पर न करें ये गलती, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की जरूरी एडवाइजरी
घाव को 15 मिनट तक साबुन-पानी से धोने और तुरंत एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने की सलाह, घरेलू नुस्खों से बचने की अपील

सीहोर। बरसात के मौसम में कुत्तों के काटने (डॉग बाइट) की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुत्ता काटने की घटना को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। समय पर सही उपचार और आवश्यक सावधानियां अपनाने से रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव संभव है। नागरिकों से अपील की गई है कि डॉग बाइट की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार अवश्य कराएं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से कुत्ते के काटने (डॉग बाइट) की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उचित उपचार कराने की अपील की गई है। समय पर उपचार और आवश्यक सावधानियां अपनाकर रेबीज जैसी घातक बीमारी से बचाव किया जा सकता है।
सीएमएचओ डॉ सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता काट ले तो सबसे पहले प्रभावित स्थान को कम से कम 15 मिनट तक साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोएं। इसके बाद घाव पर पोविडोन आयोडीन अथवा अन्य उपयुक्त एंटीसेप्टिक का प्रयोग करें तथा बिना किसी देरी के नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) एवं आवश्यकता अनुसार रेबीज इम्युनोग्लोब्युलिन (आरआईजी) लगवाएं। उन्होंने घाव पर मिर्च, हल्दी, तेल अथवा अन्य घरेलू पदार्थ लगाने से बचने की सलाह दी है।
उन्होंने बताया कि पालतू कुत्तों का समय-समय पर टीकाकरण कराना आवश्यक है तथा आवारा या संदिग्ध व्यवहार वाले कुत्तों से दूरी बनाए रखें। बच्चों को विशेष रूप से कुत्तों या ऐसे पशुओं के पास अकेले न जाने दें तथा किसी भी काटने की घटना को हल्के में न लें।
उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की है कि वे अपने पालतू कुत्तों का नियमित टीकाकरण कराएं और असामान्य व्यवहार दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करें। साथ ही आमजन से आग्रह किया गया है कि डॉग बाइट की किसी भी घटना पर बिना विलंब चिकित्सकीय परामर्श लेकर उपचार अवश्य कराएं।




